यूपी में 9 साल में 9 लाख से ज्यादा सरकारी भर्तियां, पारदर्शिता बना रिकॉर्ड: सीएम योगी
टेन न्यूज नेटवर्क
Lucknow News (03/05/2026): उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi ) ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में राज्य में 9 लाख से अधिक युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां दी गई हैं, जो अपने आप में एक बड़ा रिकॉर्ड है। उन्होंने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में डेढ़ लाख से अधिक सरकारी भर्तियों की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
आज रविवार को मुख्यमंत्री योगी लखनऊ में स्थित लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए, जहां उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा चयनित 357 कनिष्ठ विश्लेषकों (औषधि) और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के 252 दंत स्वास्थ्य विज्ञानियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।
सीएम योगी ने कहा कि भर्ती प्रक्रियाओं में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी रोकने के लिए सख्त कानून लागू किया गया है। इसके तहत परीक्षा या चयन प्रक्रिया में सेंधमारी करने वालों को आजीवन कारावास और संपत्ति जब्ती जैसी कठोर सजा का प्रावधान है।
उन्होंने कहा कि 2017 से पहले भर्ती प्रक्रियाएं भेदभाव, भ्रष्टाचार और अनियमितताओं से प्रभावित थीं, जिसके कारण योग्य अभ्यर्थियों को अवसर नहीं मिल पाता था। कई मामलों में न्यायालय को हस्तक्षेप करना पड़ता था, लेकिन अब भर्ती प्रक्रियाएं पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संचालित हो रही हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पुलिस विभाग में 2.20 लाख से अधिक भर्तियां की जा चुकी हैं। इसके अलावा शिक्षा चयन आयोग और लोक सेवा आयोग भी हजारों पदों पर भर्तियां पूरी कर रहे हैं। स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा क्षेत्र में सुधार का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा कि पहले जहां केवल 5 प्रयोगशालाएं थीं, वहीं अब 18 आधुनिक लैब स्थापित की जा चुकी हैं। दवा और खाद्य पदार्थों की जांच के लिए मंडल स्तर पर ए-ग्रेड लैब उपलब्ध हैं और सैंपल जांच की क्षमता भी कई गुना बढ़ी है।
उन्होंने बताया कि कनिष्ठ विश्लेषकों (खाद्य) के 417 पदों के लिए भी प्रस्ताव भेजा गया है, जिस पर जल्द भर्ती प्रक्रिया पूरी होगी। इससे खाद्य नमूनों की जांच क्षमता 36 हजार से बढ़कर एक लाख से अधिक हो जाएगी।
सीएम योगी ने कहा कि राज्य में बेहतर कानून-व्यवस्था और पारदर्शी नीतियों के चलते निवेश बढ़ा है और उत्तर प्रदेश को सुरक्षित एवं निवेश के अनुकूल राज्य के रूप में विकसित किया जा रहा है। कार्यक्रम में डिप्टी सीएम बृजेश पाठक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।