इकोटेक-3 में IBA का मेगा फ्री हेल्थ कैंप, श्रमिकों को मिली मुफ्त जांच व उपचार सुविधा
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (02/05/2026): ग्रेटर नोएडा के उद्योग केंद्र-2, इकोटेक-3 स्थित श्रमिक सुविधा केंद्र पर इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA) द्वारा एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर यथार्थ हॉस्पिटल और ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सहयोग से जिला प्रशासन गौतम बुद्ध नगर के निर्देशन में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रमिकों, कर्मचारियों और अन्य वर्गों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ IBA के उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ उद्योगपति नरेश चौहान, वरिष्ठ सदस्य ओम पुंडीर और कार्यकारिणी सदस्य हर्ष तोमर द्वारा फीता काटकर किया गया। इस दौरान प्राधिकरण के विभिन्न विभागों—स्वास्थ्य, प्रोजेक्ट, हॉर्टिकल्चर और जल विभाग—से जुड़े कर्मचारियों ने भी अपनी स्वास्थ्य जांच कराई।
शिविर में श्रमिकों, औद्योगिक कर्मचारियों और पुलिस विभाग के कर्मियों का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जरूरतमंदों को मौके पर ही निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। इसके साथ ही ECG, ब्लड टेस्ट और नेत्र जांच जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध रहीं, जिससे लोगों को एक ही स्थान पर समग्र स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त हो सकीं।
IBA की इस पहल का उद्देश्य औद्योगिक क्षेत्रों में कार्यरत श्रमिकों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देना और उन्हें समय पर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है। संस्था के प्रतिनिधियों के अनुसार, जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में 25 अप्रैल से लगातार ऐसे स्वास्थ्य शिविर विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में लगाए जा रहे हैं, जिनमें कई प्रतिष्ठित अस्पतालों का सहयोग मिल रहा है।
इस अवसर पर IBA के अध्यक्ष अमित उपाध्याय, उपाध्यक्ष डॉ. खुशबू सिंह, कोषाध्यक्ष राकेश अग्रवाल और कार्यकारिणी सदस्य संजय पंचाल सहित कई उद्यमी और मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे। IBA के उपाध्यक्ष नरेश चौहान ने कहा कि यह पहल श्रमिकों के स्वास्थ्य सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य है कि हर श्रमिक को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं मिलें, ताकि वे स्वस्थ रहकर औद्योगिक विकास में अपनी भूमिका निभा सकें।
वहीं, कोषाध्यक्ष राकेश अग्रवाल ने बताया कि संस्था भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रमों को जारी रखेगी और इन्हें और व्यापक बनाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सकें। कार्यक्रम के अंत में IBA ने यथार्थ हॉस्पिटल के डॉक्टरों और स्टाफ के प्रति आभार व्यक्त किया, जिन्होंने पूरे समर्पण के साथ इस अभियान में सहयोग दिया। साथ ही जिला प्रशासन गौतम बुद्ध नगर का भी विशेष धन्यवाद दिया गया, जिनके सहयोग से यह छह दिनों तक लगातार सफलतापूर्वक संचालित हो सका।
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।