दिल्ली चुनाव से पहले भाजपा को तगड़ा झटका, 25 साल पुराने नेता संजीव अरोड़ा ने थामा AAP का दामन
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली, (29 जनवरी 2025): दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को बड़ा झटका लगा है। राजेंद्र नगर विधानसभा से भाजपा के वरिष्ठ नेता और दिल्ली प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य संजीव अरोड़ा अपनी पूरी टीम के साथ आम आदमी पार्टी (AAP) में शामिल हो गए।
संजीव अरोड़ा 25 वर्षों से भाजपा के साथ जुड़े थे और संगठन में कई महत्वपूर्ण पदों पर रहे। उन्होंने भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य, भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी, भाजपा जिला करोल बाग के कोषाध्यक्ष और उपाध्यक्ष जैसे पदों पर काम किया। इसके अलावा, वह पिछले 30 वर्षों से सामाजिक सेवा कर रहे हैं और अपनी संस्था ‘इंद्रप्रस्थ संजीवनी’ के माध्यम से 50,000 से अधिक लोगों के साथ मिलकर समाज सेवा का कार्य कर रहे हैं।
“भाजपा की विचारधारा बदल गई, मेहनती कार्यकर्ताओं की अनदेखी” – संजीव अरोड़ा
AAP में शामिल होने के बाद संजीव अरोड़ा ने भाजपा पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा अब अपनी पुरानी विचारधारा से भटक गई है और चुनावी टिकट बंटवारे में मेहनती कार्यकर्ताओं को नजरअंदाज किया गया।
“इतने साल पार्टी की सेवा करने के बाद जिस तरह से टिकट बांटे गए, उससे न सिर्फ मैं, बल्कि कई वरिष्ठ कार्यकर्ता आहत हैं। एक ऐसा व्यक्ति, जो हाल ही में भाजपा में शामिल हुआ, उसे टिकट दे दिया गया। इससे राजेंद्र नगर का हर भाजपा कार्यकर्ता निराश है।”
AAP मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में सांसद संजय सिंह और राजेंद्र नगर से पार्टी प्रत्याशी दुर्गेश पाठक ने संजीव अरोड़ा का स्वागत किया। संजय सिंह ने कहा, “संजीव अरोड़ा भाजपा के कद्दावर नेता थे और समाज सेवा में काफी सक्रिय रहे हैं। उनके AAP में शामिल होने से अरविंद केजरीवाल की सरकार को फिर से बनाने की मुहिम को और ताकत मिलेगी।”
दुर्गेश पाठक ने कहा, “संजीव अरोड़ा ने वर्षों तक समाज सेवा की है। उन्होंने व्हीलचेयर वितरण से लेकर, कोरोना काल में जरूरतमंदों को खाना और दवाइयां पहुंचाने तक कई सराहनीय काम किए हैं। उनके आने से पार्टी को मजबूती मिलेगी।”
“केजरीवाल असली जनसेवक, गरीबों के लिए कर रहे काम” – संजीव अरोड़ा
संजीव अरोड़ा ने अरविंद केजरीवाल की नीतियों की तारीफ करते हुए कहा कि वह पंक्ति में खड़े आखिरी व्यक्ति के लिए काम कर रहे हैं।
“कल तक भाजपा केजरीवाल को ‘रेवड़ी संस्कृति’ का समर्थक बताती थी, लेकिन अब वही पार्टी खुद मुफ्त सुविधाएं देने की घोषणाएं कर रही है। AAP सरकार ने पुजारियों और ग्रंथियों के लिए 18,000 रुपये मासिक वेतन की योजना लागू की, जो भाजपा भी नहीं कर पाई।”
संजीव अरोड़ा ने भरोसा दिलाया कि AAP फिर से दिल्ली में सरकार बनाएगी और वह पूरी मजबूती से पार्टी के साथ खड़े रहेंगे।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।