ग्रेटर नोएडा में दर्दनाक हादसा: स्कूल बस की चपेट में आई 5 वर्षीय बच्ची की मौत

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (01/05/2026): ग्रेटर नोएडा के दनकौर क्षेत्र में गुरुवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसे में पांच साल की मासूम बच्ची की जान चली गई। स्कूल से घर लौटने के कुछ ही क्षण बाद हुई इस दुर्घटना ने परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया है। घटना के बाद बस चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया, जबकि पुलिस ने बस को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

मृत बच्ची की पहचान रोशनपुर गांव निवासी अरुण शर्मा की पुत्री भूमि के रूप में हुई है, जो तालड़ा गांव स्थित एक निजी विद्यालय में कक्षा एक की छात्रा थी। जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर स्कूल की छुट्टी के बाद भूमि अन्य बच्चों के साथ स्कूल बस से अपने घर लौटी थी।

परिजनों के मुताबिक, घर के समीप बस से उतरने के बाद जैसे ही बच्ची अपने घर की ओर बढ़ी, उसी दौरान बस चालक ने लापरवाही बरतते हुए वाहन आगे बढ़ा दिया। इस दौरान बच्ची बस के पहिए के नीचे आ गई और गंभीर रूप से घायल हो गई।

घायल अवस्था में परिजन तुरंत उसे पास के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उपचार के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक का माहौल है।

परिवार ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा है कि बस में चालक के अलावा कोई परिचालक (हेल्पर) मौजूद नहीं था। उनका कहना है कि यदि कोई सहायक कर्मचारी होता, तो बच्चों को सुरक्षित तरीके से बस से उतारने और सड़क पार कराने में मदद मिल सकती थी, जिससे यह हादसा टल सकता था।

सूचना मिलने पर दनकौर कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और बस को जब्त कर लिया। पुलिस अधिकारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और फरार चालक की तलाश के लिए टीमों का गठन किया गया है। यह घटना स्कूल परिवहन व्यवस्था में सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े करती है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि स्कूल वाहनों के संचालन में सख्त नियम लागू किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।