दिल्ली में जनगणना-2027 का आगाज़, MCD के 250 वार्डों में डोर-टू-डोर सर्वे

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (01 May 2026): राजधानी दिल्ली में जनगणना-2027 का बिगुल बज चुका है। दिल्ली नगर निगम (MCD) के सभी 250 वार्डों में 1 मई से इस महाअभियान का पहला चरण शुरू हो गया है। इस चरण में डोर-टू-डोर सर्वे के साथ-साथ डिजिटल प्रक्रिया को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। करीब 50 हजार कर्मचारी इस बड़े अभियान में तैनात किए गए हैं, जो राजधानी के हर घर तक पहुंचकर जानकारी एकत्र करेंगे।

जनगणना के पहले चरण में 1 से 15 मई तक लोगों को ‘स्व-गणना’ (Self-Enumeration) की सुविधा दी गई है। नागरिक घर बैठे आधिकारिक पोर्टल www.se.census.gov.in⁠� या मोबाइल ऐप CMMS के माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। इस प्रक्रिया में करीब 33 सवालों के जवाब देने होंगे, जिन्हें पूरा करने में लगभग 20 मिनट का समय लगेगा। इससे लोगों को सरकारी टीम के इंतजार की जरूरत नहीं पड़ेगी।

अधिकारियों के अनुसार, पूरे MCD क्षेत्र को करीब 46 हजार ब्लॉकों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक वार्ड में 150 से 250 ब्लॉक बनाए गए हैं, ताकि सर्वे को व्यवस्थित और सटीक तरीके से पूरा किया जा सके। 15 मई के बाद फील्ड टीम घर-घर जाकर हाउस लिस्टिंग का कार्य करेगी और पहले से स्व-गणना कर चुके लोगों से केवल उनका आईडी नंबर लिया जाएगा।

इस जनगणना में खास बात यह है कि घर में रहने वाला हर व्यक्ति—चाहे वह मकान मालिक हो या किरायेदार—अपनी जानकारी दर्ज कर सकता है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि किरायेदारों को भी उसी घर के लिए अपने मोबाइल नंबर से पंजीकरण करना होगा, जिसमें वे रह रहे हैं। हर परिवार के लिए एक लॉगिन पर्याप्त होगा, जिसे परिवार का कोई भी सदस्य पूरा कर सकता है।

जनगणना के दौरान 33 प्रकार के महत्वपूर्ण सवाल पूछे जाएंगे, जिनमें परिवार के मुखिया की जानकारी, सदस्यों की संख्या, घर की संरचना (फर्श, दीवार, छत), और सामाजिक-आर्थिक स्थिति जैसे पहलू शामिल हैं। इस डेटा के आधार पर सरकार को शहर की वास्तविक स्थिति का आकलन करने में मदद मिलेगी।

शुक्रवार को इस अभियान की शुरुआत के साथ ही रेखा गुप्ता और तरनजीत सिंह संधू भी स्वयं अपने सरकारी आवास से सेल्फ एनुमरेशन करेंगे। इससे लोगों को इस प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया जा रहा है।

सरकार का मानना है कि डिजिटल जनगणना से न केवल प्रक्रिया तेज और आसान होगी, बल्कि डेटा में त्रुटियों की संभावना भी कम होगी। जियो-टैगिंग जैसी सुविधाओं से सटीक मैपिंग संभव होगी, जिससे भविष्य की योजनाओं जैसे नए स्कूल, अस्पताल और बुनियादी ढांचे के विकास का खाका तैयार करने में मदद मिलेगी। यह जनगणना आने वाले वर्षों में शहरी विकास की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।