सार्वजनिक शौचालय: विज्ञापन मॉडल से 10 साल में 90 करोड़ की कमाई का अनुमान

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (27/04/2026): नोएडा में सार्वजनिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ-साथ राजस्व बढ़ाने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। प्राधिकरण ने शहर के सार्वजनिक शौचालयों के संचालन और रखरखाव को निजी एजेंसियों के हवाले कर एक ऐसा मॉडल तैयार किया है, जिससे आने वाले 10 वर्षों में करीब 90 करोड़ रुपये की आय होने का अनुमान है।

इस योजना के तहत पहले चरण में लगभग 150 शौचालयों को शामिल किया गया है, जिनसे प्रतिवर्ष करीब 9 करोड़ रुपये की आमदनी होने की संभावना जताई जा रही है। उल्लेखनीय है कि शहर में कुल 256 सार्वजनिक शौचालय बनाए गए हैं, जिनका संचालन अब प्राधिकरण सीधे नहीं करेगा।

प्राधिकरण ने इन शौचालयों का प्रबंधन अलग-अलग एजेंसियों को सौंपते हुए उन्हें विज्ञापन प्रदर्शित करने का अधिकार भी दिया है। एजेंसियां शौचालय परिसरों में विज्ञापन लगाकर आय अर्जित करेंगी और उसी आय से शौचालयों की साफ-सफाई, मरम्मत, सुरक्षा और दैनिक संचालन की जिम्मेदारी निभाएंगी। इसके बदले उन्हें अपनी कमाई का एक तय हिस्सा प्राधिकरण को देना होगा।

प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, यह व्यवस्था 10 वर्षों के लिए लागू की गई है। इस दौरान एजेंसियां शौचालयों की देखरेख पूरी तरह से सुनिश्चित करेंगी। यदि कहीं भी सफाई या रखरखाव में लापरवाही पाई जाती है, तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ जुर्माना या अनुबंध समाप्त करने जैसी कार्रवाई भी की जा सकती है।

अधिकारियों ने यह भी जानकारी दी कि मई के पहले सप्ताह तक शहर के सभी बंद पड़े सार्वजनिक शौचालयों को दोबारा चालू कर दिया जाएगा, ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

इस पहल से एक ओर जहां प्राधिकरण पर संचालन का आर्थिक बोझ कम होगा, वहीं दूसरी ओर शहर में स्वच्छता स्तर में सुधार और नागरिकों को सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। यह मॉडल नगर प्रबंधन में आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


 


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।