YEIDA @25: CEO राकेश कुमार सिंह बोले – कई बड़ी परियोजनाओं को मिली रफ्तार
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (24/04/2026): यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA), जिसे पहले ताज एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के नाम से जाना जाता था, की स्थापना 24 अप्रैल 2001 को उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा क्षेत्रीय औद्योगिक विकास, आधुनिक आधारभूत संरचना और निवेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की गई थी। 24 अप्रैल 2026 को प्राधिकरण ने अपनी स्थापना की 25वीं वर्षगांठ मनाई, जो इसके विकास और उपलब्धियों का एक महत्वपूर्ण पड़ाव रहा। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा कि यह वर्ष YEIDA के लिए विशेष रहा और पूरे साल विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से इस ऐतिहासिक उपलब्धि को मनाया गया।
CEO राकेश कुमार सिंह ने कहा कि ताज एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण से शुरू हुआ सफर वर्ष 2008 में यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण के रूप में नए कलेवर के साथ आगे बढ़ा। उन्होंने बताया कि प्राधिकरण अपने 25 वर्ष पूरे कर रहा है और इसी कैलेंडर वर्ष में नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ द्वारा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का लोकार्पण किया गया है, जो यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण क्षेत्र के अंतर्गत स्थित है।
उन्होंने कहा कि उत्तर भारत की सेमीकंडक्टर यूनिट का शिलान्यास भी प्रधानमंत्री द्वारा वर्चुअल माध्यम से और मुख्यमंत्री की उपस्थिति में किया गया, जिसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण मील का पत्थर बताया। CEO राकेश कुमार सिंह ने बताया कि मेडिकल डिवाइस पार्क, हैंडीक्राफ्ट पार्क, MSME पार्क, अपैरल पार्क, सेमीकंडक्टर पार्क और इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर तेजी से विकसित हो रहे हैं और इन्हें इसी वर्ष गति दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि इंटरनेशनल फिल्म सिटी का शिलान्यास भी इसी वर्ष संभावित है। साथ ही जापानी सिटी विकसित करने की योजना पर काम हो रहा है और सिंगापुर सिटी के लिए भूमि चिह्नित कर ली गई है। उन्होंने जानकारी दी कि एस्कॉर्ट्स कुबोटा लिमिटेड, स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड, मिंडा कॉरपोरेशन, हैवेल्स इंडिया और सीएनएच इंडस्ट्रियल (न्यू हॉलैंड और फोर्ड सहयोग) जैसी कंपनियों को जमीन आवंटित की गई है और इन सभी परियोजनाओं का शिलान्यास इसी वर्ष प्रस्तावित है।
आगे CEO ने बताया कि प्राधिकरण क्षेत्र तेजी से आगे बढ़ रहा है और फेज-2 में मथुरा की हेरिटेज सिटी के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया इस वर्ष शुरू की जाएगी। आगरा के मास्टर प्लान को भी इसी वर्ष लागू किए जाने की बात कही।
उन्होंने कहा कि हाथरस में नए अर्बन एरिया के विकास पर काम शुरू हो चुका है और टप्पल-बाजना अर्बन सेंटर में भी भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई प्रारंभ की जा रही है। एयरपोर्ट की सुरक्षा से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि होम डिपार्टमेंट की कुछ ऑब्जर्वेशन्स हैं, जिन्हें कंसेशनायर कंपनी द्वारा दूर किया जा रहा है और ASP की मंजूरी मिलते ही एयरपोर्ट का संचालन शुरू हो जाएगा।
गौरतलब है कि यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में सीईओ राकेश कुमार सिंह ने प्राधिकरण क्षेत्र में संचालित औद्योगिक गतिविधियों एवं विकास कार्यों से मीडिया को अवगत कराया।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।