Lenskart ड्रेस कोड विवाद पर बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री ने क्या कहा

टेन न्यूज़ नेटवर्क

National News (22 अप्रैल 2026): प्रयागराज में आयोजित हनुमत कथा के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने Lenskart से जुड़े ड्रेस कोड विवाद पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। सोशल मीडिया पर हाल ही में कंपनी का एक कथित “स्टाइल गाइड” दस्तावेज वायरल हुआ, जिसमें यह दावा किया गया कि स्टोर कर्मचारियों के लिए तिलक, बिंदी, सिंदूर, कलावा और मंगलसूत्र जैसे हिंदू धार्मिक प्रतीकों पर रोक लगाई गई है, जबकि हिजाब जैसे प्रतीकों को अनुमति दी गई है। इस दावे को लेकर देशभर में बहस छिड़ गई है।

20 अप्रैल से प्रयागराज में चल रही कथा के दौरान जब शास्त्री से इस मुद्दे पर सवाल किया गया, तो उन्होंने मंच से ही नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि जो कंपनियां भारत में रहकर भारतीय संस्कृति का सम्मान नहीं कर सकतीं, उन्हें यहां रहने का अधिकार नहीं है। उन्होंने तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि यदि किसी को तिलक और मंगलसूत्र से समस्या है तो वह अपनी कंपनी भारत के बजाय लाहौर में जाकर चलाए।

शास्त्री ने अपने बयान में आगे कहा कि यह केवल ड्रेस कोड का मुद्दा नहीं बल्कि सनातन धर्म और भारतीय आस्था से जुड़ा विषय है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि ऐसे मामलों पर विरोध नहीं किया गया तो भविष्य में गीता और रामायण जैसे ग्रंथों पर भी सवाल उठ सकते हैं। साथ ही उन्होंने हिंदू समाज से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि यह आस्था को कमजोर करने की कोशिश हो सकती है।

अपने संबोधन में उन्होंने यह भी कहा कि भारत पूर्वजों की भूमि है और यहां की सांस्कृतिक पहचान का सम्मान करना सभी के लिए जरूरी है। उन्होंने निजी कंपनियों को नसीहत देते हुए कहा कि व्यापार में धर्म का भेदभाव नहीं होना चाहिए और यदि कोई कंपनी ऐसी नीतियां अपनाती है तो कानून उसे सुधारना जानता है। इसी दौरान उन्होंने देशभर में हिंदू राष्ट्र के संकल्प के साथ एक रथ यात्रा निकालने की घोषणा भी की।

विवाद बढ़ने के बाद Lenskart की ओर से सफाई सामने आई। कंपनी के संस्थापक पियूष बंसल ने स्पष्ट किया कि वायरल दस्तावेज पुराना है और वर्तमान नीतियों से उसका कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि कंपनी की नई गाइडलाइन में सभी धार्मिक प्रतीकों की अनुमति है और यदि किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो इसके लिए कंपनी खेद प्रकट करती है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।