Greater Noida News (21/04/2026): दनकौर थाना क्षेत्र के नवादा गांव में साइबर अपराधियों ने एक मजदूर को निशाना बनाते हुए उसके बैंक खाते से करीब 90 हजार रुपये पार कर दिए। ठगों ने कथित रूप से मोबाइल को रिमोट एक्सेस ऐप के जरिए नियंत्रित कर ऑनलाइन ट्रांजैक्शन अंजाम दिया। पीड़ित ने सोमवार को साइबर सेल में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित रवि कुमार, जो दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं, ने बताया कि शनिवार को उनका मोबाइल फोन जेब में रखा था। इसी दौरान अचानक फोन की स्क्रीन अपने आप सक्रिय हो गई और बिना किसी इनपुट के ऐप्स खुलने-बंद होने लगे। कुछ ही मिनटों में उनके मोबाइल पर बैंक से लगातार संदेश आने लगे।
मैसेज देखने पर उन्हें पता चला कि उनके खाते से बड़ी राशि ट्रांसफर हो चुकी है। घबराए रवि तुरंत बैंक पहुंचे, जहां जांच में स्पष्ट हुआ कि लगभग 90 हजार रुपये ऑनलाइन माध्यम से निकाले गए हैं।
रवि का आरोप है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके फोन पर रिमोट एक्सेस हासिल कर लिया था और उसी के जरिए यूपीआई ट्रांजैक्शन कर रकम ट्रांसफर कर ली। प्राथमिक जांच में ‘एनीडेस्क’ जैसे रिमोट कंट्रोल ऐप के दुरुपयोग की आशंका जताई जा रही है, जिसके जरिए ठग फोन का नियंत्रण अपने हाथ में ले लेते हैं।
घटना के बाद पीड़ित ने साइबर सेल में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है और संदिग्ध खातों व डिजिटल ट्रेल को खंगाला जा रहा है।
साइबर विशेषज्ञों ने इस तरह की घटनाओं को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि अनजान लिंक पर क्लिक करने या किसी भी संदिग्ध ऐप को डाउनलोड करने से बचें। इसके अलावा, किसी के कहने पर मोबाइल में रिमोट एक्सेस ऐप इंस्टॉल न करें और बैंक से जुड़े ओटीपी या निजी जानकारी साझा करने से सख्ती से परहेज करें। यह घटना एक बार फिर बताती है कि डिजिटल लेनदेन के दौर में थोड़ी सी लापरवाही भी भारी नुकसान का कारण बन सकती है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।