नोएडा में हिंसक प्रदर्शन का पाकिस्तान कनेक्शन! पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने किया बड़ा खुलासा

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (16/04/2026): गौतमबुद्धनगर में हालात अब पूरी तरह सामान्य हो चुके हैं, जहां पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च और लगातार पेट्रोलिंग के जरिए कानून-व्यवस्था को मजबूत किया गया है। जिले की औद्योगिक इकाइयां सुचारु रूप से चल रही हैं और श्रमिक शांतिपूर्वक काम कर रहे हैं। सरकार द्वारा श्रमिकों के वेतन में वृद्धि और भविष्य की नीतियों के लिए ठोस कदम उठाए गए हैं, जिससे संतोष का माहौल बना है। वहीं, हाल ही में हुई हिंसक घटनाओं और सोशल मीडिया के जरिए फैलाई गई भ्रामक सूचनाओं के मामले में सख्त कार्रवाई जारी है, जिसमें बाहरी तत्वों की भूमिका सामने आई है और जांच लगातार आगे बढ़ रही है।

नोएडा की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पिछले दो दिनों से जनपद में पूर्ण शांति बनी हुई है। पुलिस द्वारा सेक्टर स्कीम लागू करते हुए सुबह से ही फ्लैग मार्च और पिकेट ड्यूटी कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि जनपद के सभी औद्योगिक क्लस्टर्स की इकाइयां शांतिपूर्वक खुल चुकी हैं और श्रमिक अलग-अलग शिफ्टों में काम पर लौट आए हैं।

पुलिस आयुक्त के अनुसार, उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा हाई लेवल कमेटी की सिफारिशों को स्वीकार करते हुए न्यूनतम वेतन में वृद्धि की गई है, जिससे श्रमिकों में संतोष की भावना आई है। साथ ही वेज बोर्ड के गठन का निर्णय भी लिया गया, जिसकी जानकारी श्रमिकों को पहले ही दे दी गई थी। इसके बाद श्रमिक शांतिपूर्वक काम पर लौटे और वर्तमान में सभी सेक्टर्स में कामकाज सामान्य रूप से चल रहा है।

उन्होंने बताया कि 13 तारीख को दो स्थानों पर हिंसक भीड़ द्वारा बवाल करने की कोशिश की गई थी, जिसे पुलिस ने नियंत्रित कर लिया था। इसके बाद दो सोशल मीडिया हैंडल्स द्वारा गलत और भ्रामक जानकारी फैलाकर मजदूरों को उकसाने का प्रयास किया गया। इन पोस्ट्स में पुलिस फायरिंग और मौत जैसी झूठी बातें फैलाकर दोबारा तनाव पैदा करने की कोशिश की गई।

इस मामले में थाना सेक्टर-20 में दोनों एक्स (X) हैंडल्स के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के दौरान ट्विटर से प्राप्त तकनीकी जानकारी के आधार पर यह सामने आया कि ये हैंडल पाकिस्तान से संचालित हो रहे थे और वीपीएन का इस्तेमाल भी किया जा रहा था। पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है।

लक्ष्मी सिंह ने बताया कि अब तक कुल 13 मुकदमे दर्ज किए गए हैं और 62 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें मुख्य साजिशकर्ता भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि कुछ आरोपियों ने आंदोलन से पहले व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर लोगों को हिंसा, आगजनी और तोड़फोड़ के लिए उकसाया था। ऐसे तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने आम जनता और श्रमिकों से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और ऐसी जानकारी तुरंत पुलिस के संज्ञान में लाएं।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।