औद्योगिक शांति के लिए हाई लेवल कमेटी एक्टिव, शिकायतों के लिए टोल-फ्री नंबर | Noida Protest
टेन न्यूज नेटवर्क
Gautam Buddha Nagar News (15/04/2026): जनपद गौतमबुद्ध नगर में औद्योगिक सौहार्द एवं शांति बनाए रखने तथा उत्तर प्रदेश शासन द्वारा जारी गाइडलाइंस का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा गठित हाई लेवल कमेटी द्वारा बहु-चरणीय बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज बुधवार को कलेक्ट्रेट कक्ष में औद्योगिक विकास आयुक्त एवं हाई लेवल कमेटी के अध्यक्ष दीपक कुमार की अध्यक्षता में आउटसोर्सिंग एजेंसियों/संविदाकारों की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई।
बैठक में अपर मुख्य सचिव, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग उत्तर प्रदेश, आलोक कुमार; प्रमुख सचिव, श्रम एवं सेवायोजन विभाग उत्तर प्रदेश, एम.के.एस. सुंदरम; श्रम आयुक्त, उत्तर प्रदेश, कानपुर, मार्कंडेय शाही सहित संबंधित अधिकारीगण एवं औद्योगिक इकाइयों के आउटसोर्सिंग एजेंसी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में हाई लेवल कमेटी ने स्पष्ट किया कि आउटसोर्सिंग एजेंसियां/संविदाकार उद्योगों के संचालन एवं रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह उनकी जिम्मेदारी है कि वे अपने श्रमिकों को अनुशासित रखें तथा उन्हें इस प्रकार प्रशिक्षित करें कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अशांति की स्थिति उत्पन्न न हो। कमेटी द्वारा सख्त निर्देश दिए कि यदि किसी एजेंसी अथवा उसके कर्मचारी/श्रमिक द्वारा उपद्रवी व्यवहार किया जाता है, तो उसकी पूर्ण जिम्मेदारी संबंधित एजेंसी की मानी जाएगी तथा एजेंसी को ब्लैकलिस्ट करने के साथ-साथ उसका लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
कमेटी ने राज्य सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम वेतन के अनुपालन पर विशेष बल दिया। निर्देशित किया गया कि अकुशल श्रमिकों को ₹13,690, अर्धकुशल श्रमिकों को ₹15,059 एवं कुशल श्रमिकों को ₹16,868 प्रतिमाह वेतन का भुगतान अनिवार्य रूप से किया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि सभी श्रमिकों का वेतन सीधे उनके बैंक खातों में हस्तांतरित किया जाए। श्रम आयुक्त द्वारा निर्देशित किया गया कि सभी कर्मकारों का जॉइनिंग के समय पुलिस सत्यापन कराया जाए तथा भविष्य निधि (PF) एवं कर्मचारी राज्य बीमा (ESI) की कटौती नियमानुसार सुनिश्चित की जाए, जिससे श्रमिकों में किसी प्रकार की असंतोष की भावना उत्पन्न न हो।

इसके अतिरिक्त, श्रम विभाग द्वारा स्थापित स्थायी कॉल सेंटर का टोल-फ्री नंबर 9411900251 सभी आउटसोर्सिंग एजेंसियों को उपलब्ध कराया गया। निर्देशित किया गया कि किसी भी विपरीत परिस्थिति अथवा आवश्यकता की स्थिति में इस टोल-फ्री नंबर पर तत्काल संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है, जिससे समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में यह भी कहा गया कि उद्योग, श्रमिक एवं नियोजक एक-दूसरे के पूरक हैं और औद्योगिक गतिविधियों के सुचारु संचालन से ही रोजगार के अवसर सुरक्षित रहते हैं तथा प्रदेश के समग्र विकास को गति मिलती है। यदि औद्योगिक गतिविधियां बाधित होती हैं, तो इसका प्रतिकूल प्रभाव सभी पक्षों पर पड़ता है। अतः सभी से अपील की गई कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न देते हुए आपसी सहयोग एवं विश्वास के साथ कार्य करें तथा औद्योगिक शांति बनाए रखें।
हाई लेवल कमेटी ने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार श्रमिकों एवं नियोजकों दोनों के हितों की रक्षा के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा किसी भी समस्या के समाधान के लिए प्रशासन तत्परता से कार्य करेगा। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई तथा सभी उपस्थित संविदाकारों द्वारा शासन के निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।

बैठक में जिला प्रशासन एवं विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के आउटसोर्सिंग एजेंसियों/संविदाकारों द्वारा प्रतिभाग किया।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।