नोएडा में शांति बहाल, अफवाह फैलाने वालों पर होगा सख्त एक्शन: लक्ष्मी सिंह, पुलिस कमिश्नर, गौतमबुद्ध नगर
टेन न्यूज़ नेटवर्क
Noida News (14 April 2026): नोएडा और ग्रेटर नोएडा में श्रमिकों के उग्र प्रदर्शन के बाद अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। सोमवार को अलग-अलग सेक्टरों में हुए प्रदर्शन के दौरान कुछ स्थानों पर हिंसा, पथराव, तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं सामने आई थीं, जिसके बाद पुलिस प्रशासन ने तुरंत एक्शन लेते हुए सख्ती बढ़ाई। लगातार फ्लैग मार्च, भारी पुलिस बल की तैनाती और संवाद के जरिए हालात को काबू में कर लिया गया है। टेन न्यूज नेटवर्क के वरिष्ठ संवाददाता हिमांशु शर्मा ने इस पूरे मामले पर गौतम बुद्ध नगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह से विशेष बातचीत की।
Q. नोएडा में जो यह स्थिति बनी, उससे निपटने के लिए किस प्रकार की तैनाती की गई और आगे क्या तैयारी है?
जवाब देते हुए पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने कहा कि कल (सोमवार) 83 जगहों पर लगभग 42,000 मजदूर सड़क पर उतरे थे। मात्र दो जगहों पर हिंसक प्रदर्शन हुआ, और न्यूनतम बल प्रयोग करते हुए पुलिस द्वारा स्थिति को काबू में लाया गया। बाकी सभी जगहों पर श्रमिकों से सीधा संवाद स्थापित करते हुए सरकार द्वारा किए जा रहे उपायों और समाधान के बारे में बताया गया और शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन समाप्त कराया गया।

इसके बाद जांच के दौरान कुछ ऐसी बातें सामने आई हैं कि कुछ समूहों द्वारा मजदूरों को लगातार हिंसा करने, सड़क पर उतरने और अराजकता फैलाने के लिए उकसाया जा रहा था। ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है और 300 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
इसमें कुछ ऐसे सोशल मीडिया हैंडल्स भी सामने आए हैं, जिनके माध्यम से गलत तथ्यों के साथ नोएडा की स्थिति को लेकर अफवाह फैलाने और लोगों को उकसाने की कोशिश की जा रही थी। कुछ हैंडल्स ऐसे भी पाए गए हैं, जिनके जरिए मजदूरों को सीधे तौर पर हिंसा करने के लिए उकसाया गया।
ऐसे सोशल मीडिया हैंडल्स के खिलाफ भी लगातार कार्रवाई की जा रही है और अफवाह फैलाने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।
Q. आने वाले दिनों में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्या रणनीति रहेगी?
जवाब देते हुए पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने कहा कि नोएडा के इंडस्ट्रियल बेल्ट को हमने 36 सेक्टरों में विभाजित किया है। प्रत्येक सेक्टर में एक गजेटेड अधिकारी के नेतृत्व में पीएसी, आरएएफ और सिविल पुलिस को तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। आज सुबह 5:00 बजे से लगातार फ्लैग मार्च किया जा रहा है। कुछ स्थानों पर स्थायी पिकेट्स की व्यवस्था की गई है और कंट्रोल रूम को भी सक्रिय कर दिया गया है।

हमारी तैयारी इस प्रकार है कि किसी भी आपात (डिस्ट्रेस) कॉल पर तत्काल पुलिस बल मौके पर पहुंचे। सड़कों पर पुलिस की मौजूदगी (डोमिनेशन) सुनिश्चित करने के साथ-साथ सेक्टरों की सुरक्षा भी पुख्ता की जाएगी। कल भी नोएडा में सभी स्कूल, कॉलेज, सरकारी कार्यालय, पब्लिक ऑफिस और आईटी सेक्टर की कंपनियां संचालित होती रहीं, केवल कुछ सेक्टर ही प्रभावित हुए थे। हमारी कोशिश है कि कल भी सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित होती रहें।
गौरतलब है कि सोमवार को हुए उग्र प्रदर्शनों के बाद नोएडा पुलिस के सामने स्थिति को संभालना एक बड़ी चुनौती थी। लेकिन पुलिस ने सूझबूझ, त्वरित कार्रवाई और मजबूत रणनीति के जरिए हालात पर नियंत्रण पा लिया है।
फिलहाल पूरे क्षेत्र में शांति बनी हुई है, लेकिन प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और किसी भी तरह की अफवाह या अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।