फैक्ट्रियों में तोड़फोड़ होती रही, लेकिन मदद के लिए कोई नहीं आया: IEA अध्यक्ष संजीव शर्मा

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (14/04/2026): नोएडा और ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक क्षेत्रों में श्रमिक आंदोलन और उससे जुड़ी घटनाओं के बाद उद्योग जगत की चिंताएं भी सामने आने लगी हैं। हाल ही में श्रमिकों के प्रदर्शन और फैक्ट्रियों में हुई तोड़फोड़ की घटनाओं के बीच उत्तर प्रदेश सरकार ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर एक हाई पावर कमेटी गठित की है। इस कमेटी ने श्रमिकों के न्यूनतम वेतन में अंतरिम वृद्धि सहित कई महत्वपूर्ण सिफारिशें की हैं, जिन्हें सरकार ने मंजूरी दे दी है।

हालांकि, इन घटनाओं के बीच उद्योग संगठनों ने कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। इंडस्ट्रियल एंटरप्रेन्योर्स एसोसिएशन (IEA) के अध्यक्ष संजीव शर्मा ने घटना को उद्योगों के लिए बेहद चिंताजनक और पीड़ादायक बताया।

संजीव शर्मा ने कहा कि, नोएडा के औद्योगिक क्षेत्र के लिए आज का दिन बेहद दुर्भाग्यपूर्ण रहा। उन्होंने बताया कि आंदोलन के दौरान फैक्ट्रियों में उपद्रवी तत्वों द्वारा तोड़फोड़ की घटनाएं होती रहीं, लेकिन उद्योगों को समय पर पुलिस और प्रशासनिक सहायता नहीं मिल सकी।

उन्होंने कहा, आज का दिन हम सभी के लिए बेहद कष्टदायक रहा। आंदोलन से पहले एक दिन का अवकाश होने के बावजूद पुलिस और प्रशासन की तैयारियां पर्याप्त नहीं दिखीं। फैक्ट्रियों में उपद्रवी तत्वों ने तोड़फोड़ की, लेकिन उद्योगों को तत्काल सहायता नहीं मिल पाई। कई बार अधिकारियों को फोन करने की कोशिश की गई, लेकिन किसी का फोन तक नहीं उठा।

IEA अध्यक्ष के मुताबिक, इस घटना से उद्योगों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। इसके साथ ही उद्योगपतियों और कर्मचारियों को मानसिक तनाव का भी सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में उद्योग जगत एक-दूसरे के साथ खड़ा है और इस मुश्किल समय में सभी एकजुट हैं।

संजीव शर्मा ने यह भी कहा कि, इन घटनाओं से नोएडा में उद्योगों का भरोसा कुछ हद तक प्रभावित हुआ है। उन्होंने बताया कि कई कंपनियों के ग्राहक इस बात को लेकर चिंतित हैं कि क्या उन्हें यहां से समय पर माल की आपूर्ति मिल पाएगी या नहीं।उन्होंने कहा कि श्रमिकों के वेतन में वृद्धि का निर्णय सरकार का है और इसका उद्देश्य श्रमिकों को राहत देना है, लेकिन उद्योगों के सामने यह चुनौती भी है कि लागत बढ़ने से उत्पादों की कीमतों पर असर पड़ सकता है। इससे ग्राहकों में भी अनिश्चितता की स्थिति बन सकती है।

IEA अध्यक्ष ने प्रशासन से अपील की, औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके और उद्योगों का भरोसा कायम रखा जा सके। उन्होंने कहा कि नोएडा देश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में से एक है और यहां उद्योगों का सुरक्षित वातावरण बनाए रखना बेहद जरूरी है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।