GBU में बनेगा AI और क्लाउड तकनीक का प्रशिक्षण केंद्र, युवाओं को मिलेगा व्यावहारिक ज्ञान

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (20/10/2026): गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय (जीबीयू) में युवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और रोजगार के लिए तैयार करने की दिशा में नई पहल की गई है। विश्वविद्यालय परिसर में एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस), क्लाउड कंप्यूटिंग और अन्य उभरती तकनीकों के प्रशिक्षण के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किया गया है। अक्टूबर के अंत में इसका शुभारंभ प्रस्तावित है। इस केंद्र के माध्यम से विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के साथ एनसीआर के दूसरे कॉलेजों के युवाओं और शिक्षकों को भी तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाएगा।

यह पहल यूकेजी की कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) योजना के तहत शुरू की गई है। यूकेजी इनोवेशन लॉन्चपैड प्रोग्राम के अंतर्गत विकसित इस केंद्र का संचालन और परियोजना का क्रियान्वयन भारतकेयर्स की जिम्मेदारी होगी। इसका प्रमुख उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक अनुभव देना, उनकी दक्षता बढ़ाना और भविष्य में रोजगार के नए अवसरों के लिए तैयार करना है।

प्रयोग और प्रोजेक्ट के जरिए सीखेंगे तकनीक

सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में तकनीकी प्रयोगशालाओं और प्रशिक्षण से जुड़ी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। यहां विद्यार्थियों को एआई और क्लाउड कंप्यूटिंग की बुनियादी जानकारी देने के साथ वास्तविक समस्याओं पर काम करने का अवसर मिलेगा। प्रोजेक्ट आधारित अध्ययन, सिमुलेशन और समस्या समाधान से जुड़े अभ्यास प्रशिक्षण का अहम हिस्सा होंगे। इससे विद्यार्थी तकनीकी अवधारणाओं को बेहतर ढंग से समझने के साथ उनका उपयोग करना भी सीख सकेंगे।

दूसरे कॉलेजों के विद्यार्थियों को भी मिलेगा लाभ

इस केंद्र को केवल विश्वविद्यालय तक सीमित रखने के बजाय क्षेत्रीय तकनीकी प्रशिक्षण केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है। इसके लिए हब-एंड-स्पोक मॉडल अपनाया जाएगा। इसके तहत गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय प्रमुख केंद्र के रूप में काम करेगा, जबकि आसपास के शिक्षण संस्थानों को प्रशिक्षण और तकनीकी ज्ञान से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। विभिन्न कॉलेजों के विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए संयुक्त प्रशिक्षण सत्र, ज्ञान साझा करने के कार्यक्रम और अन्य गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इससे क्षेत्र के अधिक युवाओं तक आधुनिक तकनीकी शिक्षा पहुंचाने में मदद मिलेगी।

हैकथान और तकनीकी प्रतियोगिताओं से बढ़ेगा नवाचार

विद्यार्थियों को नई तकनीकों के साथ प्रयोग करने और अपने विचारों को उपयोगी समाधान में बदलने के लिए हैकथान, इनोवेशन चैलेंज और तकनीकी प्रतियोगिताओं में भाग लेने के अवसर भी मिलेंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से युवाओं में रचनात्मक सोच, टीम के साथ काम करने और जटिल समस्याओं का समाधान तलाशने की क्षमता विकसित करने पर जोर दिया जाएगा।

शिक्षकों को भी दिया जाएगा प्रशिक्षण

तकनीकी शिक्षा को मजबूत बनाने के लिए शिक्षकों के कौशल विकास पर भी ध्यान दिया जाएगा। केंद्र के अंतर्गत फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें शिक्षकों को नई तकनीकों और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों से परिचित कराया जाएगा। इससे वे कक्षाओं में तकनीक आधारित अध्ययन को अधिक प्रभावी तरीके से शामिल कर सकेंगे।

विश्वविद्यालय में स्थापित यह केंद्र तकनीकी शिक्षा को उद्योग और रोजगार की बदलती जरूरतों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसके जरिए विद्यार्थियों को नई तकनीकों की जानकारी देने के साथ उन्हें व्यावहारिक कौशल हासिल करने का अवसर मिलेगा। दीर्घकालिक योजना के तहत विश्वविद्यालय में नवाचार, तकनीकी प्रशिक्षण और संस्थानों के बीच सहयोग की ऐसी व्यवस्था विकसित करने पर जोर रहेगा, जिससे एनसीआर के युवाओं को उभरते तकनीकी क्षेत्रों में आगे बढ़ने में सहायता मिल सके।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।