MSME सेक्टर की पुकार: “श्रमिकों के साथ उद्यमियों की भी सुनवाई जरूरी” | सुनील दत्त, महासचिव, IBA
टेन न्यूज़ नेटवर्क
Greater Noida News (14 April 2026): देश के माइक्रो, स्मॉल और मीडियम एंटरप्राइजेज (MSME) सेक्टर की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। आईबीए (IBA) के महासचिव सुनील दत्त ने उद्यमियों की वर्तमान स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा है कि सरकार और प्रशासन ने श्रमिकों की मांगों को तुरंत मान लिया, लेकिन इन मांगों का सीधा आर्थिक असर हजारों छोटे उद्यमियों पर पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि मांगें माने जाने के बावजूद कई स्थानों पर श्रमिकों द्वारा उद्योगों में तोड़फोड़ और नुकसान पहुंचाने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे पहले से ही संकट झेल रहे MSME सेक्टर की स्थिति और खराब हो गई है। सुनील दत्त के अनुसार, छोटे उद्योग लंबे समय से मंदी की मार झेल रहे हैं, कभी कोरोना महामारी, कभी अंतरराष्ट्रीय युद्ध, तो कभी श्रमिक समस्याएं लगातार उद्योगों को प्रभावित कर रही हैं।
पिछले एक महीने से अधिक समय से माइक्रो और MSME इकाइयां कमर्शियल गैस की भारी किल्लत और कच्चे माल की बढ़ती कीमतों से जूझ रही हैं। कच्चे माल के दाम 20 से 45 प्रतिशत तक बढ़ चुके हैं, जिससे उत्पादन लागत में भारी इजाफा हुआ है और उत्पादकता लगभग आधी रह गई है। इसके साथ ही कुछ बड़ी कंपनियों के कारण छोटे स्तर की इकाइयों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी पड़ा है।
सुनील दत्त ने यह भी आरोप लगाया कि गैस संकट जैसे गंभीर मुद्दे पर अब तक सरकार या प्रशासन की ओर से उद्यमियों के साथ कोई ठोस संवाद नहीं हुआ है और न ही किसी प्रकार की आर्थिक सहायता दी गई है। उन्होंने कहा कि इस कठिन परिस्थिति के बावजूद उद्यमी सभी शर्तें मानने को तैयार हैं, बशर्ते सरकार उनके भुगतान (पेमेंट) की समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए कोई सख्त कानून बनाए।
उन्होंने जोर देकर कहा कि वर्तमान में उद्यमी कच्चे माल, श्रमिकों की सैलरी और जीएसटी जैसे सभी खर्च समय पर वहन कर रहे हैं, लेकिन उन्हें अपने भुगतान की सुरक्षा नहीं मिल पा रही है। ऐसे में MSME सेक्टर के अस्तित्व पर ही खतरा मंडराने लगा है।
अंत में उन्होंने सरकार से अपील की कि श्रमिकों की मांगों के साथ-साथ उद्यमियों की समस्याओं पर भी समान रूप से ध्यान दिया जाए और समय पर भुगतान सुनिश्चित कराने के लिए कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ माने जाने वाले MSME सेक्टर को राहत मिल सके।
गौरतलब है कि बीते दो दिनों से नोएडा में श्रमिकों एवं कर्मचारियों का उग्र प्रदर्शन जारी है। बता दें कि ये श्रमिक और कर्मचारी वेतन वृद्धि की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे हैं, इस दौरान कई उद्योगों और उनके दफ्तरों में तोड़फोड़ भी की गई है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।