न्यू नोएडा के खिलाफ किसानों का ऐलान, 16 अप्रैल को नोएडा प्राधिकरण पर महापंचायत
टेन न्यूज नेटवर्क
Noida News (12/04/2026): न्यू नोएडा परियोजना के तहत जमीन अधिग्रहण और सर्किल रेट में बढ़ोतरी की मांग को लेकर किसानों का विरोध तेज होता जा रहा है। इसी क्रम में भारतीय किसान यूनियन की पंचायत नोएडा के गांव याकूतपुर में आयोजित की गई। पंचायत की अध्यक्षता जगत प्रधान ने की, जबकि संचालन योगेश भाटी ने किया। पंचायत में किसानों ने प्राधिकरण की नीतियों पर नाराजगी जताते हुए 16 अप्रैल को नोएडा प्राधिकरण पर महापंचायत आयोजित करने का ऐलान किया।
पंचायत में मौजूद किसान नेताओं ने कहा कि नोएडा प्राधिकरण न्यू नोएडा परियोजना के नाम पर किसानों की जमीन बेहद कम दरों पर खरीदने की कोशिश कर रहा है। किसानों का आरोप है कि प्राधिकरण 4300 रुपये प्रति वर्गमीटर की दर से जमीन लेने की तैयारी कर रहा है, जबकि लंबे समय से सर्किल रेट में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। किसानों ने कई बार धरना-प्रदर्शन कर सर्किल रेट बढ़ाने की मांग उठाई, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
किसान नेता बेली भाटी ने कहा कि प्राधिकरण ने पूर्व में आश्वासन दिया था कि जल्द ही सर्किल रेट में वृद्धि की जाएगी, लेकिन हाल ही में हुई बोर्ड बैठक में भी किसानों के हित में कोई निर्णय नहीं लिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण के सर्किल रेट को एक समान कर दिया गया है, जो किसानों के साथ अन्याय है।
अमित दाता ने पंचायत में कहा कि प्राधिकरण द्वारा पंचायती व्यवस्था को समाप्त कर दिया गया है, जिसके कारण गांवों में विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने कई बार अधिकारियों से मुलाकात कर सीसी रोड और अन्य बुनियादी सुविधाओं की मांग की, लेकिन अब तक कोई कार्य नहीं कराया गया। गांव की सड़कों और गलियों की स्थिति खराब है और बारात घर जैसी बुनियादी सुविधाओं की भी कमी बनी हुई है।

किसानों का कहना है कि विकास के नाम पर गांवों की जमीन तो अधिग्रहित कर ली जाती है, लेकिन बदले में गांवों में आवश्यक विकास कार्य नहीं कराए जाते। किसानों ने स्पष्ट कहा कि जब तक सर्किल रेट में बढ़ोतरी नहीं होगी और गांवों में विकास कार्य शुरू नहीं किए जाएंगे, तब तक वे अपनी जमीन देने के लिए तैयार नहीं हैं।
राष्ट्रीय महामंत्री और प्रदेश प्रवक्ता पवन खटाना ने किसानों से 16 अप्रैल को नोएडा प्राधिकरण पर होने वाली महापंचायत की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन किसानों और मजदूरों के अस्तित्व की लड़ाई है और किसी भी कीमत पर न्यू नोएडा के नाम पर दादरी क्षेत्र के किसानों की जमीन नहीं छीनी जाने दी जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि, प्राधिकरण को पहले नोएडा क्षेत्र के किसानों से जुड़े लंबित मामलों का समाधान करना चाहिए। इसमें 5 प्रतिशत और 10 प्रतिशत आबादी के भूखंडों का निस्तारण, गांवों का समुचित विकास, रोजगार के अवसर और किसानों से जुड़े अन्य मुद्दों का समाधान शामिल है। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों को नहीं माना गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।