Noida News (27/10/2026): नोएडा के सेक्टर-65 स्थित गोपाल नमो सेवा केंद्र पर आयोजित विशेष सेवा शिविर में उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री असीम अरुण और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता गोपाल कृष्ण अग्रवाल ने लाभार्थियों को आयुष्मान भारत और ई-श्रम कार्ड वितरित किए। इस दौरान 36 लोगों को निःशुल्क आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए, जबकि कई अन्य लाभार्थियों को ई-श्रम कार्ड वितरित कर सरकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया गया।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गोपाल कृष्ण अग्रवाल के नेतृत्व में गोपाल नमो सेवा केंद्र पिछले तीन वर्षों से आम लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देने और पात्र लाभार्थियों तक उनका लाभ पहुंचाने के लिए कार्य कर रहा है। सेवा सहयोग अभियान के आह्वान पर केंद्र में एक महीने तक विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के 34वें विशेष आयोजन के समापन अवसर पर पहुंचे राज्य मंत्री असीम अरुण ने केंद्र की ओर से किए जा रहे कार्यों की सराहना की और इस पहल के लिए बधाई दी।
इस अवसर पर मंत्री असीम अरुण और गोपाल कृष्ण अग्रवाल ने लोगों को समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। इनमें वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, मुख्यमंत्री अभ्युदय निःशुल्क कोचिंग, प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (पीएम-अजय), पीएम स्माइल और छात्रवृत्ति योजनाएं प्रमुख रहीं। उन्होंने इन योजनाओं के उद्देश्यों, पात्रता और जरूरतमंद लोगों तक इनके लाभ पहुंचाने के महत्व पर भी चर्चा की।

कार्यक्रम के दौरान समाज के अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने और उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने पर विशेष जोर दिया गया। मंत्री असीम अरुण और गोपाल कृष्ण अग्रवाल ने विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए जनकल्याणकारी योजनाओं की पहुंच व्यापक बनाने तथा जरूरतमंद लोगों को जागरूक करने की आवश्यकता पर अपने विचार साझा किए।
गोपाल कृष्ण अग्रवाल ने बताया कि गोपाल नमो सेवा केंद्र के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने और पात्र व्यक्तियों को आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराने का कार्य आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि अब तक 9,000 से अधिक लोग केंद्र की सेवाओं का लाभ उठा चुके हैं।

सेवा केंद्र की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, यह सुविधा भविष्य में भी प्रत्येक कार्यदिवस को सेक्टर-65 स्थित सी-62 कार्यालय में जारी रहेगी। पात्र नागरिक यहां पहुंचकर विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और नियमानुसार उपलब्ध निःशुल्क सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं। इस पहल का उद्देश्य सरकारी योजनाओं और जरूरतमंद नागरिकों के बीच की दूरी कम करना तथा अधिक से अधिक पात्र लोगों को जनकल्याणकारी कार्यक्रमों से जोड़ना है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।