डेल्टा-1 सेक्टर की ग्रीन बेल्ट पर कब्जे के प्रयास के विरोध में RWA का प्रदर्शन
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (06/04/2026): ग्रेटर नोएडा के सेक्टर डेल्टा-1 में ग्रीन बेल्ट पर कथित कब्जे के प्रयास को लेकर स्थानीय निवासियों और आरडब्ल्यूए ने विरोध प्रदर्शन किया। फेडरेशन ऑफ आरडब्ल्यूएज ग्रेटर नोएडा के अध्यक्ष देवेंद्र टाइगर के नेतृत्व में आयोजित इस सांकेतिक प्रदर्शन में सेक्टर के लोगों ने बिल्डर और कुछ अधिकारियों की मिलीभगत का आरोप लगाया।
आरडब्ल्यूए डेल्टा-1 के पदाधिकारियों का कहना है कि सेक्टर का आवंटन वर्ष 1994 में हुआ था और उसी समय यहां ग्रीन बेल्ट विकसित की गई थी। आरोप है कि कावेरी बिल्डर द्वारा अधिकारियों की मिलीभगत से ग्रीन बेल्ट क्षेत्र में चल रहे कार्य को रुकवाकर उस जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। निवासियों का कहना है कि यह सार्वजनिक क्षेत्र है, जिसे किसी भी हालत में निजी उपयोग के लिए नहीं दिया जा सकता।
प्रदर्शन के बाद आरडब्ल्यूए और फेडरेशन के प्रतिनिधियों ने नवनियुक्त सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट अजय शर्मा को ज्ञापन सौंपकर मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की। ज्ञापन में ग्रीन बेल्ट की सुरक्षा सुनिश्चित करने और वहां किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण या कब्जे को रोकने की मांग की गई।
फेडरेशन के महासचिव ऋषिपाल ने कहा कि शहर में बड़े पैमाने पर व्यावसायिक भूखंडों का आवंटन किया गया है, लेकिन कई बिल्डर नियमों की अनदेखी करते हुए कार्य कर रहे हैं। उनका आरोप है कि नियमानुसार विकास कार्यों की निगरानी नहीं होने के कारण कई स्थानों पर अनियमितताएं सामने आ रही हैं।
आरडब्ल्यूए डेल्टा-1 के अध्यक्ष प्रमोद भाटी ने कहा कि सेक्टर के आवंटियों से पहले ग्रीन बेल्ट के नाम पर लोकेशन चार्ज लिया गया था, लेकिन अब उसी ग्रीन बेल्ट को बिल्डर को देने की कोशिश की जा रही है। उनका कहना है कि यदि ऐसा हुआ तो यह निवासियों के साथ अन्याय होगा।
बोबी भाटी और आलोक नागर ने बताया कि सेक्टर में कई स्थानों पर बिल्डरों द्वारा नियमों की अनदेखी की जा रही है। उनका आरोप है कि कुछ आवासीय मकानों में दरारें आने की शिकायतें भी सामने आई हैं, जबकि सड़कों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी बिल्डरों का कब्जा दिखाई दे रहा है।
फेडरेशन के पूर्व महासचिव दीपक भाटी ने आरोप लगाया कि कुछ अधिकारी नियमों की अनदेखी कर बिल्डरों के पक्ष में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि, National Green Tribunal, Uttar Pradesh Industrial Area Development Act 1976 और National Capital Region Planning Board से जुड़े नियमों को नजरअंदाज किया जा रहा है, जो पूरी तरह से नियमों के विरुद्ध है।
फेडरेशन ऑफ आरडब्ल्यूएज ग्रेटर नोएडा ने चेतावनी दी है कि यदि सेक्टर डेल्टा-1 की ग्रीन बेल्ट की सुरक्षा के लिए दोबारा ऊंची बाउंड्री वॉल बनाने और अन्य सेक्टरों में भी नियमानुसार कार्य करने के निर्देश प्राधिकरण द्वारा नहीं दिए गए, तो एक सप्ताह बाद होने वाली बोर्ड बैठक के दिन पूरे शहर के निवासियों को साथ लेकर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के बाहर बड़ा विरोध प्रदर्शन और तालाबंदी की जाएगी।
इस मामले में सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट अजय शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि ज्ञापन में उठाए गए मुद्दों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
प्रदर्शन के दौरान जितेंद्र शर्मा, योगेंद्र मावी, भुवनेश्वर गर्ग, विनय यादव, दीवान शर्मा, विजय सिंह, पंकज नागर, परितोष भाटी, सुधीर चौधरी, आजाद आधाना, अहलकार प्रधान, कृपाल भाटी, सुशील शर्मा, सुरेंद्र सिंह, धीरज मीणा, सुबीर घोष, मुनेश चौधरी, मुनेश देवी, प्रेरणा, सुरेश यादव, गोपाल नागर सहित बड़ी संख्या में सेक्टर के निवासी मौजूद रहे।

प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।