ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेट्रो डीपीआर रद्द होने पर भड़के लोग, पिलर खींचकर जताया विरोध

टेन न्यूज़ नेटवर्क

Noida/Greater Noida News (05 अप्रैल 2026): केंद्र सरकार द्वारा ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेट्रो परियोजना की डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) एक बार फिर निरस्त किए जाने के विरोध में आज क्षेत्र के निवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। नेफोवा (NEFOWA) के आह्वान पर सेक्टर-71 चौराहे के पास नोएडा एक्सटेंशन की ओर जाने वाले अंतिम मेट्रो पिलर के समीप सैकड़ों की संख्या में लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान लोगों ने अनोखे अंदाज में अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों ने मोटी रस्सी के सहारे मेट्रो पिलर को खींचकर नोएडा एक्सटेंशन की ओर ले जाने का प्रतीकात्मक प्रयास किया, जो सरकार के प्रति नाराजगी और निराशा को दर्शाता है। निवासियों का कहना है कि बार-बार डीपीआर निरस्त होने से लाखों लोगों की उम्मीदों को झटका लग रहा है और क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही परिवहन समस्या जस की तस बनी हुई है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रहने वाले नागरिक रोजाना भारी ट्रैफिक जाम का सामना करते हैं और यहां सार्वजनिक परिवहन की कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं है। पिछले करीब 10 वर्षों से मेट्रो परियोजना को लेकर केवल घोषणाएं और आश्वासन मिलते रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई ठोस प्रगति नहीं हुई है। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने जोरदार नारेबाजी करते हुए केंद्र और राज्य सरकार से जल्द से जल्द मेट्रो परियोजना को मंजूरी देने और काम शुरू करने की मांग की।

नेफोवा के अध्यक्ष अभिषेक कुमार ने कहा कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट के निवासियों के साथ लगातार अन्याय हो रहा है और बार-बार डीपीआर निरस्त किया जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि लाखों लोगों की रोजमर्रा की समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है, जिसे अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं एक्टिव सिटीजन आलोक कुमार ने कहा कि तेजी से विकसित हो रहे इस क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का अभाव गंभीर चिंता का विषय है और पब्लिक ट्रांसपोर्ट की कमी से लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है।

नोवरा (नोएडा ओनर विलेज रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन) के अध्यक्ष रंजन तोमर ने भी कहा कि पब्लिक ट्रांसपोर्ट की कमी से शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के लोगों को दिक्कत हो रही है और मेट्रो परियोजना का जल्द शुरू होना बेहद जरूरी है।

प्रदर्शन में शामिल सभी निवासियों ने एकजुट होकर चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मेट्रो परियोजना को स्वीकृति नहीं मिली और कार्य शुरू नहीं हुआ, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। साथ ही, 26 अप्रैल को हजारों की संख्या में निवासी दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की भी घोषणा की गई है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।