दिल्ली में ट्रैफिक जाम का ‘स्थायी संकट’, ई-रिक्शा और अवैध पार्किंग ने बढ़ाई परेशानी

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (05 अप्रैल 2026): राजधानी दिल्ली में ट्रैफिक जाम अब केवल अस्थायी परेशानी नहीं रहा, बल्कि यह एक स्थायी और गंभीर संकट का रूप ले चुका है। सड़कों पर बढ़ता अतिक्रमण, अवैध पार्किंग, मेट्रो स्टेशनों और बाजारों के बाहर ई-रिक्शा व ऑटो का अनियंत्रित जमावड़ा ट्रैफिक व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर रहा है। हालात ऐसे हैं कि कई इलाकों में सड़क का आधे से ज्यादा हिस्सा खड़े वाहनों और अतिक्रमण की भेंट चढ़ जाता है, जिससे ट्रैफिक की रफ्तार थम जाती है और जाम दूर-दूर तक फैल जाता है।

राजधानी के प्रमुख मेट्रो स्टेशनों के बाहर स्थिति सबसे अधिक खराब नजर आती है। द्वारका, जनकपुरी, करोल बाग, लक्ष्मी नगर, आनंद विहार, शाहदरा, सीलमपुर, साकेत और रोहिणी जैसे इलाकों में ई-रिक्शा और ऑटो की लंबी कतारें रोजमर्रा की तस्वीर बन चुकी हैं। इन स्थानों पर तय स्टैंड होने के बावजूद चालक सड़क पर ही वाहन खड़ा कर सवारियां भरते हैं। कई बार पूरी की पूरी एक लेन इन वाहनों के कब्जे में चली जाती है, जिससे बाकी ट्रैफिक बेहद संकरी जगह से गुजरने को मजबूर हो जाता है और जाम लगना तय हो जाता है।

बाजारों के बाहर स्थिति और भी चिंताजनक है। पश्चिम विहार, नांगलोई, पीरागढ़ी, पंजाबी बाग, मौजपुर, करावल नगर, दरियागंज, आजादपुर, जहांगीरपुरी, इंदरलोक, कश्मीरी गेट, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, राजौरी गार्डन, मालवीय नगर, महरौली, बदरपुर, सरिता विहार और जामिया नगर जैसे क्षेत्रों में सड़क किनारे अवैध पार्किंग और ई-रिक्शा-ऑटो का जमावड़ा ट्रैफिक जाम की मुख्य वजह बन चुका है।

विशेषज्ञों के अनुसार, दिल्ली की अधिकांश सड़कों की चौड़ाई पहले से ही सीमित है। ऐसे में जब संकरी सड़कों के दोनों ओर वाहन खड़े हो जाते हैं, तो बीच का रास्ता बेहद कम रह जाता है और वाहनों की आवाजाही लगभग ठप हो जाती है। अवैध पार्किंग के कारण आधी सड़क खत्म हो जाती है, वहीं बची हुई जगह पर जब ई-रिक्शा और ऑटो बीच सड़क में रुककर सवारियां भरते हैं, तो स्थिति और बिगड़ जाती है। यही वजह है कि किसी एक प्वाइंट पर शुरू हुआ जाम कुछ ही मिनटों में कई किलोमीटर तक फैल जाता है।

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार अव्यवस्थित बस स्टॉप, भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही और फुटपाथों पर अतिक्रमण भी इस समस्या को बढ़ा रहे हैं। कई जगहों पर बसें निर्धारित स्थान के बजाय सड़क पर ही रुक जाती हैं, जिससे ट्रैफिक फ्लो बाधित होता है। वहीं फुटपाथों पर अतिक्रमण के कारण पैदल यात्रियों को सड़क पर चलना पड़ता है, जिससे सड़क पर दबाव और बढ़ जाता है और दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है।

दिल्ली में ई-रिक्शा और ऑटो लास्ट माइल कनेक्टिविटी का अहम हिस्सा हैं, लेकिन इनका अनियंत्रित संचालन अब ट्रैफिक व्यवस्था पर भारी पड़ रहा है। चालक अक्सर गलत दिशा में वाहन चलाते हैं, बिना संकेत अचानक मोड़ लेते हैं, सिग्नल की अनदेखी करते हैं और बीच सड़क पर ही सवारियां भरने लगते हैं, जिससे जाम की स्थिति और गंभीर हो जाती है।

राजधानी में कई इलाके अब ई-रिक्शा ब्लैक स्पॉट के रूप में उभर चुके हैं। इनमें उत्तम नगर, निर्माण विहार, शाहदरा, भजनपुरा, मंडोली चुंगी, कालकाजी, गोविंदपुरी, सीलमपुर रेड लाइट, झिलमिल, सागरपुर, जनकपुरी वेस्ट, नवादा, द्वारका, छतरपुर, बदरपुर, सरिता विहार, जामिया नगर, ओखला, कालिंदी कुंज, करावल नगर, दरियागंज, मौजपुर, दिलशाद गार्डन, नांगलोई, पीरागढ़ी, पश्चिम विहार, रोहिणी, बवाना, पीतमपुरा, कोहाट एन्क्लेव, बुराड़ी, आजादपुर, जहांगीरपुरी, इंदरलोक, कश्मीरी गेट, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, आरके आश्रम मार्ग, झंडेवालान, करोल बाग, नजफगढ़, डाबड़ी मोड़, पालम, राजौरी गार्डन, साकेत, मालवीय नगर, आईआईटी, कुतुब मीनार, महरौली, दिल्ली विश्वविद्यालय और मॉडल टाउन जैसे क्षेत्र शामिल हैं।

इसके अलावा ओवरलोडिंग भी बड़ी समस्या बनती जा रही है। अक्सर देखा जाता है कि एक ई-रिक्शा में निर्धारित क्षमता से कहीं ज्यादा सवारियां बैठा ली जाती हैं। कई मामलों में 8 से 10 लोग तक बैठा दिए जाते हैं, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ जाता है और दुर्घटना की आशंका कई गुना बढ़ जाती है।

राजधानी में बढ़ती आबादी और वाहनों की संख्या के बीच ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना बड़ी चुनौती बन गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अवैध पार्किंग, अतिक्रमण और ई-रिक्शा-ऑटो के संचालन पर सख्ती से नियंत्रण नहीं किया गया, तो आने वाले समय में दिल्ली में ट्रैफिक जाम की समस्या और विकराल रूप ले सकती है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।