नोएडा में ई-रिक्शा चालकों की बड़ी सभा, ‘ई-रिक्शा चालक कर्मकार यूनियन’ का गठन

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (05/04/2026): नोएडा के ई-रिक्शा चालकों ने अपने अधिकारों और सम्मानजनक आजीविका की मांग को लेकर एकजुटता का बड़ा प्रदर्शन किया। शनिवार को नोएडा स्टेडियम के गेट नंबर-6 पर आयोजित आम सभा में हजारों ई-रिक्शा चालक शामिल हुए और उत्पीड़न के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए नई यूनियन के गठन की घोषणा की।

सभा में उपस्थित चालकों ने आरोप लगाया कि स्पष्ट सरकारी नीति के अभाव में उन्हें लगातार पुलिस और कुछ अधिकारियों की कार्रवाई का सामना करना पड़ रहा है। चालकों का कहना था कि न्यायसंगत किराया निर्धारण, संचालन के स्पष्ट नियम और सामाजिक सुरक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं के बिना उनका काम करना मुश्किल हो रहा है।

यह बैठक 4 अप्रैल को नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय पर सीटू (CITU) के बैनर तले किए गए प्रदर्शन के बाद आयोजित की गई थी। आम सभा में वक्ताओं ने कहा कि यदि सरकार ई-रिक्शा चालकों के लिए पारदर्शी और सुरक्षित नीति नहीं बनाती है तो उत्पीड़न की घटनाएं जारी रहेंगी। उन्होंने चेतावनी दी कि अपनी मांगों को लेकर चालक आंदोलन को आगे भी जारी रखेंगे।

बैठक में गहन चर्चा के बाद “ई-रिक्शा चालक कर्मकार यूनियन गौतम बुद्ध नगर” के गठन की घोषणा की गई। साथ ही सर्वसम्मति से यूनियन की पहली कार्यकारिणी का चुनाव भी किया गया, जो आगे इस आंदोलन का नेतृत्व करेगी।

सभा में यह भी निर्णय लिया गया कि चालक 1 अप्रैल 2026 को नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय में दिए गए ज्ञापन में प्रस्तावित किराया दरों के अनुसार ही किराया लेंगे और किसी यात्री से मनमाना किराया नहीं वसूला जाएगा। साथ ही यह तय किया गया कि बढ़ी हुई दरें स्कूली बच्चों और दिव्यांग यात्रियों से नहीं ली जाएंगी।

नेताओं ने चालकों से यात्रियों के साथ विनम्र व्यवहार करने, नशे की हालत में वाहन न चलाने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखना सभी चालकों की जिम्मेदारी है।

यह आम सभा सीटू, जनवादी महिला समिति और गौतम बुद्ध नगर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की गई थी। कार्यक्रम को सीटू के जिला महासचिव रामस्वारथ, सचिव गंगेश्वर दत्त शर्मा, सदस्य अरुण कुमार, जनवादी महिला समिति की एनसीआर राज्य अध्यक्ष आशा यादव, जिला अध्यक्ष रेखा चौहान और कोषाध्यक्ष गुड़िया देवी सहित कई वक्ताओं ने संबोधित किया।

इसके अलावा रिक्शा चालकों के प्रतिनिधि चंदन शर्मा, लकी गुप्ता, प्रमोद कुमार, अशोक देव, शबनम, अमित, राजकुमार, गोपाल, लालबाबू, राजू, भरत सिंह, ज्ञानेंद्र सिंह और आसिफ अली ने भी सभा में अपनी बात रखी और चालकों की समस्याओं को विस्तार से सामने रखा। वक्ताओं ने कहा कि जब तक ई-रिक्शा चालकों के लिए स्पष्ट नीति, उचित किराया व्यवस्था और सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की जाती, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।