जनसमस्याओं को लेकर ‘गौतम बुद्ध नगर विकास समिति’ ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण को सौंपा मांग पत्र
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (04/04/2026): ग्रेटर नोएडा वेस्ट क्षेत्र में बढ़ती नागरिक समस्याओं और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से गौतम बुद्ध नगर विकास समिति के पदाधिकारियों ने ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण (GNIDA) को एक विस्तृत मांग पत्र भेजकर विभिन्न मुद्दों पर ध्यान आकर्षित किया है। समिति के प्रतिनिधिमंडल ने टेकजोन-4 स्थित प्राधिकरण कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों से मुलाकात का प्रयास भी किया। प्रत्यक्ष मुलाकात संभव न होने पर समिति ने मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) के नाम ई-मेल के माध्यम से अपनी मांगें और सुझाव प्रेषित किए।
समिति के अनुसार, क्षेत्र में यातायात, पर्यावरण, स्वच्छता और बुनियादी ढांचे से जुड़ी कई समस्याएं हैं, जिनके समाधान से स्थानीय निवासियों को बड़ी राहत मिल सकती है। मांग पत्र में इन मुद्दों को विस्तार से उठाते हुए आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया गया है।
गौर चौक अंडरपास और यातायात प्रबंधन
समिति ने गौर चौक (चार मूर्ति) पर निर्माणाधीन अंडरपास के कारण मार्ग संकरा होने और इससे उत्पन्न यातायात दबाव का उल्लेख किया है। साथ ही, आसपास अस्थायी रूप से बन रहे टेम्पो स्टैंड से भी जाम की स्थिति पैदा होने की बात कही गई है। समिति ने प्राधिकरण से इस परियोजना की अनुमानित समयसीमा सार्वजनिक करने और यातायात प्रबंधन को और बेहतर बनाने की मांग की है।
ग्रीन बेल्ट के संरक्षण पर जोर
गौर सिटी-1 के पास ताज हाईवे स्थित ग्रीन बेल्ट की टूटी फेंसिंग और पौधों की देखरेख को लेकर भी समिति ने चिंता जताई है। समिति के अनुसार, क्षेत्र के कुछ स्वयंसेवक पौधों की देखभाल में सहयोग कर रहे हैं, इसलिए प्राधिकरण से फेंसिंग की मरम्मत तथा नियमित पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया है।
सड़क सुरक्षा और स्पीड ब्रेकर
तुस्याना (6% KP-5) क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उचित स्थानों पर स्पीड ब्रेकर बनाए जाने की आवश्यकता बताई गई है। साथ ही, हाल में बने कुछ स्पीड ब्रेकर मानक डिजाइन के अनुरूप नहीं होने तथा उन पर पेंट या मार्किंग न होने से वाहन चालकों को परेशानी होने की बात भी पत्र में उल्लेखित है। समिति ने इन्हें मानकों के अनुरूप दुरुस्त करने का सुझाव दिया है।
हिंडन क्षेत्र में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण
मांग पत्र में हिंडन नदी के किनारे कूड़ा-कचरा और प्लास्टिक के बढ़ते निस्तारण को भी एक महत्वपूर्ण मुद्दा बताया गया है। समिति ने ओवरब्रिज के लोहे के पाइपों में फंसी प्लास्टिक पन्नियों की सफाई तथा नदी किनारे स्वच्छता बनाए रखने के लिए नियमित अभियान चलाने का अनुरोध किया है।
अतिक्रमण और यातायात व्यवस्था
एक मूर्ति से चार मूर्ति तक सर्विस लेन और साइकिल ट्रैक पर हो रहे अतिक्रमण को हटाने की आवश्यकता भी समिति ने उठाई है। इसके अलावा सेक्टर-10 ग्रेटर नोएडा वेस्ट और हनुमान मंदिर के आसपास बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए भविष्य में अंडरपास या ओवरब्रिज जैसी स्थायी व्यवस्था पर विचार करने का सुझाव दिया गया है।
स्वच्छता और आवारा पशुओं की समस्या
समिति ने क्षेत्र में सड़कों और नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने तथा खुली नालियों को सुरक्षित ढंग से ढकने की आवश्यकता भी बताई है। साथ ही सड़कों पर घूमते आवारा पशुओं के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ठोस व्यवस्था करने की मांग की गई है।
समिति की अध्यक्ष रश्मि पांडेय ने कहा कि क्षेत्र के विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए यह सुझाव प्राधिकरण के साथ साझा किए गए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि संबंधित विभाग इन मुद्दों पर सकारात्मक पहल करते हुए आवश्यक कदम उठाएंगे।
वहीं समिति के सचिव अनूप कुमार सोनी ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि समिति ने सभी बिंदुओं को व्यवस्थित रूप से ई-मेल के माध्यम से प्राधिकरण तक पहुंचा दिया है, जिससे अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने में सुविधा होगी।
समिति के उपाध्यक्ष हिमांशु राजपूत ने भी विश्वास व्यक्त किया कि प्राधिकरण इन सुझावों को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्र के विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में आवश्यक कदम उठाएगा।समिति के अनुसार, क्षेत्र के जागरूक नागरिक भी इस पहल में सहयोग कर रहे हैं और सभी का उद्देश्य ग्रेटर नोएडा वेस्ट को बेहतर और सुव्यवस्थित शहरी क्षेत्र के रूप में विकसित होते देखना है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।