YEIDA पर 21 अक्टूबर को किसानों की होने जा रही है महापंचायत

टेन न्यूज नेटवर्क

Jewar News (15/10/2026): यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) क्षेत्र में किसानों की लंबित समस्याओं को लेकर किसान एकता संघ ने आंदोलन की तैयारी तेज कर दी है। इसी क्रम में 21 अक्टूबर को यमुना प्राधिकरण पर महापंचायत आयोजित की जाएगी। इसे लेकर संगठन के पदाधिकारी गांव-गांव जाकर किसानों से संपर्क कर रहे हैं और अधिक से अधिक संख्या में महापंचायत में पहुंचने की अपील कर रहे हैं।

बुधवार को उस्मानपुर गांव में किसान एकता संघ की पंचायत आयोजित हुई। दोपहर एक बजे हुई इस बैठक की अध्यक्षता बाबा जमील ने की, जबकि संचालन जिला अध्यक्ष पप्पे नागर ने किया। पंचायत में किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए 10 प्रतिशत विकसित प्लॉट, आबादी संबंधी मामलों के निस्तारण और बैकलीज की लंबित समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।

बैठक में 21 अक्टूबर को प्रस्तावित महापंचायत की तैयारियों और रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया। संगठन के पदाधिकारियों ने किसानों की समस्याओं को एकजुट होकर प्राधिकरण के समक्ष रखने और लंबित मामलों के समाधान की मांग को प्रमुखता से उठाने की बात कही। महापंचायत में अधिक से अधिक किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है।

किसान एकता संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी सोरन प्रधान ने कहा कि किसानों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों और लंबे समय से लंबित समस्याओं का समाधान कराना संगठन की प्राथमिकता है। उन्होंने महापंचायत को इसी दिशा में महत्वपूर्ण बताते हुए किसानों से इसमें भाग लेने की अपील की।

उस्मानपुर गांव में हुई पंचायत में मेहरबान अली, उमेद एडवोकेट, श्रीकृष्ण बैंसला, दुर्गेश शर्मा, अखिलेश प्रधान, जेपी नागर, जीतन नागर, तारा सितारा, सुभाष भाटी, आसिफ अली, छोटे खान और जोरा भाटी सहित कई किसान मौजूद रहे।

अब किसान एकता संघ की नजर 21 अक्टूबर को होने वाली महापंचायत पर है। इसमें किसानों की प्रमुख मांगों को उठाकर यमुना प्राधिकरण क्षेत्र से जुड़े लंबित मामलों के समाधान की मांग की जाएगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।