जेवर में विकास को मिली रफ्तार, विधायक धीरेंद्र सिंह ने 1.86 करोड़ की परियोजनाओं का किया शुभारंभ

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (04/04/2026): उत्तर प्रदेश के महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Noida International Airport) के निर्माण और उद्घाटन के बाद जेवर क्षेत्र में विकास गतिविधियों ने नई गति पकड़ ली है। एयरपोर्ट के कारण इस क्षेत्र को देश-विदेश में नई पहचान मिल रही है और इसके साथ ही आसपास के गांवों में आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए भी तेजी से काम किया जा रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को जेवर के विधायक धीरेंद्र सिंह ( Jewar MLA Dhirendra Singh) ने कई गांवों में करोड़ों रुपये की लागत से विकास परियोजनाओं की शुरुआत की।

जानकारी के अनुसार विधायक ने ग्राम रामपुर बांगर, सिरसा माचीपुर, बल्लभनगर उर्फ कर्रौल और डुढ़ेरा में करीब 1 करोड़ 86 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ किया। इन योजनाओं में मुख्य रूप से सड़क निर्माण, नाली निर्माण और जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने से जुड़े कार्य शामिल हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद स्थानीय ग्रामीणों को आवागमन और स्वच्छता से जुड़ी सुविधाओं में काफी सुधार मिलने की उम्मीद है।

इस मौके पर विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि, जेवर क्षेत्र अब तेजी से बदलते हुए विकास के दौर से गुजर रहा है। उन्होंने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बनने से न केवल क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी, बल्कि रोजगार और निवेश के भी नए अवसर पैदा होंगे। सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों तक आधुनिक सुविधाएं पहुंचाना है, ताकि विकास का लाभ हर वर्ग तक समान रूप से पहुंचे।

विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश और केंद्र सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर पर लागू करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। एयरपोर्ट परियोजना के कारण जेवर अब अंतरराष्ट्रीय मानचित्र पर अपनी पहचान बना रहा है और आने वाले समय में यह क्षेत्र औद्योगिक, व्यावसायिक और आवासीय विकास का प्रमुख केंद्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

विकास कार्यों के शुभारंभ के बाद विधायक धीरेंद्र सिंह खंड विकास कार्यालय भी पहुंचे, जहां उन्होंने स्थानीय नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान लोगों ने बिजली आपूर्ति, जल निकासी और अन्य बुनियादी सुविधाओं से संबंधित मुद्दे उठाए। विधायक ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनसमस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।

विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि “बेटियों की मुस्कान ही असली उत्सव है।” उन्होंने कहा कि समाज की प्रगति तब ही संभव है जब बेटियों को सम्मान और बेहतर अवसर मिलें। स्थानीय ग्रामीणों ने भी इन विकास कार्यों के लिए विधायक का आभार व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि आने वाले समय में जेवर क्षेत्र में और भी नई परियोजनाएं शुरू होंगी, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।