किसान भीख नहीं, अपना अधिकार मांग रहे हैं: हन्नान मोल्लाह, पूर्व सांसद

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (04 दिसंबर 2024): किसानों की मांगों का समर्थन करने के लिए धरनास्थल पर पहुंचे वरिष्ठ किसान नेता और आठ बार के सांसद हन्नान मोल्लाह ने सरकार पर तीखा हमला बोला। टेन न्यूज नेटवर्क से बातचीत में उन्होंने कहा, “किसान कोई भीख नहीं मांग रहे हैं, बल्कि अपना हक मांग रहे हैं। जब तक सभी लोग एकजुट होकर नहीं लड़ेंगे, तब तक इसका समाधान नहीं निकलेगा।”

उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा कमिटी गठित करने के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा, “ये तो पहले से ही एग्रीमेंट में शामिल था। किसान वही मांग कर रहे हैं, जो पहले से तय था। लेकिन सरकार की मंशा ठीक नहीं है।”

हन्नान मोल्लाह ने मोदी सरकार को झूठी सरकार करार देते हुए कहा, “यह सरकार किसानों की दुश्मन है। प्रधानमंत्री मोदी ऊपर से साधु दिखते हैं, लेकिन अंदर से झूठे हैं। इन्होंने केवल झूठे वादे किए हैं। उन्होंने कहा था कि 2 करोड़ युवाओं को रोजगार देंगे। क्या मिला रोजगार? उन्होंने कहा था कि महंगाई कम करेंगे। क्या महंगाई कम हुई? किसानों को एमएसपी देने का वादा किया गया था। क्या किसानों को कुछ मिला?”

हन्नान मोल्लाह ने आगे कहा कि यह लड़ाई एक दिन की नहीं है। उन्होंने किसानों को एकजुट रहने का आह्वान करते हुए कहा कि जब तक किसानों को उनका अधिकार नहीं मिलता, यह संघर्ष जारी रहेगा। “हम अपना हक लेकर रहेंगे,” उन्होंने अंत में जोर देकर कहा।

हन्नान मोल्लाह का यह बयान सरकार पर सीधा हमला है, जिसमें उन्होंने किसानों के अधिकारों की लड़ाई को जायज ठहराते हुए सरकार की नीयत और कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। किसान आंदोलन अब एक निर्णायक मोड़ पर है, और इसके समाधान के लिए एकजुटता और दृढ़ता की जरूरत है।।

टिप्पणियाँ बंद हैं।