किसान आंदोलन: गिरफ्तार किसान नेताओं की रिहाई से किसानों में उत्साह

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (04 दिसंबर 2024): किसान आंदोलन से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। पुलिस ने किसान नेता पवन खटाना समेत सभी गिरफ्तार किसानों को रिहा कर दिया है। ज्ञात हो कि मंगलवार को दिल्ली के दलित प्रेरणा स्थल पर आंदोलन कर रहे सैकड़ों किसानों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। इस कार्रवाई के बाद किसानों में गहरा आक्रोश फैल गया।

गिरफ्तारी के विरोध में, भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के आह्वान पर बुधवार सुबह से ही यमुना एक्सप्रेसवे के जीरो प्वाइंट पर हजारों की संख्या में किसान एकत्र हो गए। किसानों की प्रमुख मांग थी कि गिरफ्तार नेताओं को तुरंत रिहा किया जाए। पुलिस प्रशासन पर बढ़ते दबाव और किसानों की एकजुटता के चलते अंततः पवन खटाना सहित सभी गिरफ्तार किसानों को रिहा कर दिया गया। रिहाई की खबर मिलते ही किसानों के बीच खुशी की लहर दौड़ गई।

गौरतलब हो कि गौतमबुद्ध नगर के हजारों किसान अपनी मांगों को लेकर नोएडा प्राधिकरण, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और यमुना प्राधिकरण पर प्रदर्शन करने के बाद दिल्ली कूच के लिए रवाना हुए थे जब पुलिस ने उन्हें बीच में ही रोक दिया।।

टिप्पणियाँ बंद हैं।