स्वर्ण मंदिर में पूर्व उपमुख्यमंत्री पर हमले पर बवाल: केजरीवाल की चुप्पी पर भाजपा ने उठाए सवाल
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (4 दिसंबर 2024): दिल्ली भाजपा की मंत्री और सांसद बांसुरी स्वराज ने एक प्रेसवार्ता में आम आदमी पार्टी (आप) की पंजाब सरकार और उसके नेतृत्व पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने हाल ही में अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर परिसर में पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सरदार सुखबीर सिंह बादल पर हुए जानलेवा हमले को लेकर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की चुप्पी पर सवाल खड़े किए।
बांसुरी स्वराज ने कहा, “हर मुद्दे पर सवाल उठाने और राजनीति करने वाले अरविंद केजरीवाल आज इस गंभीर घटना पर चुप्पी साधे हुए हैं। यह चुप्पी कई सवाल खड़े करती है। अगर पंजाब सरकार पूर्व उपमुख्यमंत्री को सुरक्षा नहीं दे सकती, तो आम जनता की सुरक्षा कैसे करेगी?”
उन्होंने पंजाब में बढ़ते अपराधों और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा, “महिलाओं से जुड़े अपराधों में 10% से अधिक वृद्धि हुई है, और सजा दर 20% से भी कम है। यह दर्शाता है कि आप सरकार सुरक्षा के नाम पर पूरी तरह विफल रही है।”
बांसुरी स्वराज ने 18 नवंबर 2024 को पंजाब हाई कोर्ट की टिप्पणी का भी हवाला दिया। उन्होंने कहा, “हाई कोर्ट ने पंजाब पुलिस और अपराधियों के बीच गठजोड़ पर तीखी टिप्पणी की थी। यह बताता है कि राज्य में कानून-व्यवस्था की क्या स्थिति है।”
उन्होंने कहा कि पंजाब में ड्रग कारोबार तेजी से फैल रहा है, लेकिन केजरीवाल और भगवंत मान इस पर चुप क्यों हैं? बांसुरी स्वराज ने यह भी आरोप लगाया कि पंजाब पुलिस की कस्टडी से हथियार गायब होने के बावजूद सरकार ने कोई ठोस कदम नहीं उठाए।
बांसुरी स्वराज ने सवाल किया, “क्या सुरक्षा का मुद्दा सिर्फ एक चुनावी जुमला है? क्या पंजाब के संसाधन केवल आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल के प्रचार में ही लुटाए जाएंगे?”
दिल्ली बीजेपी मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर ने प्रेसवार्ता का संचालन करते हुए कहा, “यह विडंबना है कि अरविंद केजरीवाल कुरान शरीफ की बेअदबी जैसे संवेदनशील मामलों पर भी खामोश रहते हैं। यह उनकी दोहरी नीति को उजागर करता है।”
इस घटना को लेकर भाजपा ने आप सरकार पर कई आरोप लगाए और राज्य में सुरक्षा की स्थिति सुधारने की मांग की।।
टिप्पणियाँ बंद हैं।