यमुना एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, बस से उतरते वक्त 55 वर्षीय महिला की मौत

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (30 March 2026): ग्रेटर नोएडा के जेवर थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे (Yamuna Expressway) पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 55 वर्षीय महिला की जान चली गई। बताया जा रहा है कि बस में तकनीकी खराबी आने के बाद जब यात्री उसे धक्का देकर चालू करने की कोशिश कर रहे थे, उसी दौरान बस से उतर रही महिला अचानक गिर गई और गंभीर रूप से घायल हो गईं। अस्पताल में उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा यमुना एक्सप्रेसवे पर स्थित शिवा ढाबा के समीप रात लगभग एक बजे हुआ। उस समय बस अचानक खराब हो जाने के कारण सड़क किनारे खड़ी थी। बस में मौजूद कुछ यात्री उसे धक्का लगाकर दोबारा चालू करने का प्रयास कर रहे थे। इसी बीच दिल्ली के हर्ष विहार इलाके की रहने वाली पुष्पा शर्मा (55), पत्नी रामेश्वर शर्मा, बस से नीचे उतरने लगीं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जैसे ही यात्रियों ने बस को धक्का दिया, वाहन अचानक आगे बढ़ गया। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से महिला सड़क पर गिर पड़ीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और यात्रियों में हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही जेवर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। घायल महिला को निजी एंबुलेंस के माध्यम से पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने इलाज के दौरान उन्हें बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उनकी मौत हो गई।

उधर, हादसे की जानकारी मिलते ही मृतका के परिजन भी मौके पर पहुंच गए, जिससे वहां शोक और गम का माहौल बन गया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के चलते कुछ समय के लिए यमुना एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित रहा, हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रैफिक को जल्द ही सामान्य कर दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।