उत्तर प्रदेश में रोजगार क्रांति: 9 लाख युवाओं को मिला रोजगार, पारदर्शी हुआ सिस्टम: सीएम योगी

टेन न्यूज नेटवर्क

Uttar Pradesh News (30/03/2026): ‘नए उत्तर प्रदेश’ में जीरो टॉलरेंस सिर्फ अपराध और अपराधियों के प्रति ही नहीं बल्कि करप्शन के लिए भी है और UPGovt पहले दिन से पूरी ट्रांसपेरेंसी और जीरो करप्शन के मंत्र के साथ आगे बढ़ रही है। आज डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान, लखनऊ में सेवा को समर्पित 665 नर्सिंग अधिकारियों को नियुक्ति-पत्र वितरित किए गए, जिनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और विकास कार्यों को लेकर विस्तृत बात रखी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता के स्पष्ट परिणाम सामने आ रहे हैं। उत्तर प्रदेश जैसे 25 करोड़ की आबादी वाले राज्य में यह व्यवस्था बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि पिछले 9 वर्षों में प्रदेश में लगभग 9 लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं, जो पूरी तरह मेरिट और आरक्षण के नियमों के तहत संपन्न हुई हैं।

उन्होंने कहा कि चयन प्रक्रिया की शुचिता पर कोई सवाल नहीं उठाया जा सकता। प्रक्रिया के स्वच्छ होने के कारण न तो न्यायालय का अनावश्यक हस्तक्षेप हुआ और न ही युवाओं में असंतोष देखने को मिला। 2017 से पहले नियुक्तियां अक्सर बाधित होती थीं, लेकिन अब पारदर्शी व्यवस्था के चलते योग्य युवाओं को अवसर मिल रहा है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश को ‘बीमारू’ राज्य माना जाता था, लेकिन अब यह देश की अर्थव्यवस्था का ‘ग्रोथ इंजन’ बन चुका है। राज्य, जो कभी वेतन देने में असमर्थ था, आज रेवेन्यू सरप्लस की स्थिति में है और देश की टॉप तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश ने 2016 की तुलना में अपनी आय और अर्थव्यवस्था को लगभग तीन गुना बढ़ाने में सफलता हासिल की है।

उन्होंने कहा कि सरकार ने जीरो टॉलरेंस की नीति को अपराध के साथ-साथ भ्रष्टाचार पर भी लागू किया है। भर्ती प्रक्रिया में किसी भी प्रकार के ह्यूमन इंटरफेरेंस को खत्म करने के लिए विशेष निगरानी रखी जा रही है, जिससे हर चरण पर पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि सरकार हर सप्ताह नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित कर रही है, जिससे पूरी प्रक्रिया की जानकारी और निगरानी सुनिश्चित होती है। शासन स्तर पर हर भर्ती प्रक्रिया पर नजर रखी जाती है और किसी भी गड़बड़ी की आशंका होने पर तुरंत कार्रवाई की जाती है।

प्रदेश में विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पहले जिन क्षेत्रों को अपराध के लिए जाना जाता था, वे अब निवेश के प्रमुख केंद्र बन गए हैं। मेडिकल डिवाइस पार्क, फिल्म सिटी, सेमीकंडक्टर यूनिट, टॉय पार्क और अपैरल पार्क जैसे बड़े प्रोजेक्ट प्रदेश में स्थापित हो रहे हैं।

साइबर अपराध के बढ़ते मामलों को देखते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि 2017 से पहले प्रदेश में केवल एक साइबर थाना था, जिसे बढ़ाकर अब सभी 75 जिलों में स्थापित किया गया है। साथ ही 1681 थानों में साइबर हेल्पलाइन और आधुनिक फॉरेंसिक सुविधाएं भी विकसित की गई हैं।

स्वास्थ्य क्षेत्र का जिक्र करते हुए योगी आदित्यनाथ ने नर्सिंग स्टाफ को चिकित्सा व्यवस्था की रीढ़ बताया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित नर्सिंग और पैरामेडिकल स्टाफ से ही स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावी रूप से संचालित होती हैं।

सीएम योगी ने यह भी कहा कि पहले मेडिकल सुविधाएं सीमित थीं, लेकिन अब नए मेडिकल कॉलेज, आधुनिक तकनीक और संस्थानों के विकास से स्वास्थ्य सेवाओं में व्यापक सुधार हुआ है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रतिभा को उचित मंच देना है, जिससे राज्य और देश दोनों को लाभ मिले।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।