दिल्ली विधानसभा चुनाव: गृह मंत्री अमित शाह ने जारी किया बीजेपी का संकल्प पत्र, पढ़िए संकल्प पत्र में क्या है खास?
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (25 जनवरी 2025): केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार, 25 जनवरी को दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के संकल्प पत्र का तीसरा और अंतिम भाग जारी किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि बीजेपी जो भी वादा करती है, उसे पूरा करती है, जबकि अन्य पार्टियां सिर्फ वादे करके जनता को गुमराह करती हैं।

केजरीवाल सरकार पर गंभीर आरोप
अमित शाह ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि उन्होंने दिल्ली के लोगों से कई वादे किए लेकिन उन्हें पूरा नहीं किया। शाह ने कहा, “केजरीवाल जी भोले चेहरे के साथ जनता के सामने आते हैं, लेकिन उनकी सरकार ने सिर्फ भ्रष्टाचार और घोटालों को बढ़ावा दिया है। उन्होंने बंगला नहीं लेने की बात कही थी, लेकिन आज शीश महल बना लिया। उन्होंने मंदिरों और स्कूलों को नहीं बख्शा और शराब घोटाले में फंस गए।”
‘यमुना में डुबकी लगाइए’
शाह ने केजरीवाल पर तंज कसते हुए कहा कि वह यमुना की सफाई के बड़े-बड़े दावे करते थे, लेकिन आज भी यमुना की हालत बदतर बनी हुई है। उन्होंने कहा, “केजरीवाल जी, अगर आपकी सरकार ने यमुना को साफ किया है, तो उसमें डुबकी लगाकर दिखाइए, नहीं तो कुंभ में जाकर गंगा में स्नान कर लीजिए।”
मोहल्ला क्लिनिक पर सवाल
अमित शाह ने दिल्ली सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “केजरीवाल सरकार ने मोहल्ला क्लिनिक का झांसा देकर दिल्ली की जनता को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित रखा है। आज भी दिल्ली में उच्च स्तरीय अस्पतालों की कमी है। जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रही है।”
रोजगार और भ्रष्टाचार के मुद्दे
शाह ने कहा कि केजरीवाल सरकार ने 8 लाख रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन इसे पूरा नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में पहले कभी इतना बड़ा भ्रष्टाचार नहीं हुआ जितना अब हो रहा है। दिल्ली के कूड़े के पहाड़ों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इसे लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिससे जनता बेहद परेशान है।
बीजेपी का दृष्टिकोण
अमित शाह ने कहा कि बीजेपी ने जनता के सुझावों को ध्यान में रखते हुए संकल्प पत्र तैयार किया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी की नीति वादे पूरे करने की है, न कि सिर्फ चुनावी घोषणाएं करने की। उन्होंने दिल्ली की जनता से बीजेपी को समर्थन देने की अपील की और भरोसा दिलाया कि उनकी पार्टी दिल्ली को भ्रष्टाचार मुक्त और विकसित राजधानी बनाएगी।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।