Noida International Airport: विकास और रोजगार को लेकर बढ़ीं उम्मीदें, युवाओं ने क्या कहा?

टेन न्यूज नेटवर्क

Jewar News (28/03/2026): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने आज नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) के प्रथम चरण का भव्य उद्घाटन किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री ने एयरपोर्ट परिसर का निरीक्षण कर विकास कार्यों का जायजा लिया तथा इसके बाद एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। यह अवसर न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे देश के लिए मील का पत्थर माना जा रहा है। इस परियोजना को उत्तर भारत की आर्थिक और औद्योगिक प्रगति के लिए गेमचेंजर के रूप में देखा जा रहा है।

टेन न्यूज नेटवर्क से खास बातचीत में ईशा शर्मा नाम की एक युवती ने कहा कि वह स्थानीय निवासी हैं और Galgotias University की छात्रा हैं। उन्होंने एयरपोर्ट से रोजगार को लेकर उम्मीद जताई, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि स्थानीय लोगों के बीच नौकरी को लेकर चिंता बनी हुई है और इस मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन भी हो रहे हैं।

खुशी त्रिपाठी ने कहा कि एयरपोर्ट के निर्माण से क्षेत्र में विकास को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि इससे ट्रांसपोर्टेशन सुविधाएं बेहतर होंगी और आसपास के लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे शैक्षणिक संस्थानों में भी कनेक्टिविटी और नेटवर्क की स्थिति में सुधार होगा।

आइना यादव, जो फरीदाबाद से हैं और Galgotias University की छात्रा हैं, ने कहा कि इस तरह के बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट से रोजगार के नए अवसर पैदा होते हैं और क्षेत्र के समग्र विकास में मदद मिलती है। उन्होंने इसे सकारात्मक पहल बताते हुए कहा कि इससे कई लोगों को लाभ मिलेगा।

इस दौरान छात्रों ने एयरपोर्ट को लेकर अपनी अलग-अलग प्रतिक्रियाएं साझा कीं, जिसमें रोजगार, परिवहन और क्षेत्रीय विकास जैसे मुद्दे प्रमुख रूप से सामने आए।

आई.टी.एस. कॉलेज के छात्र अश्वनी और अन्य छात्रों ने बताया कि वे इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लगभग दो घंटे का लंबा सफर तय करके पहुंचे हैं। छात्रों ने कहा कि रास्ते में उन्हें ज्यादा परेशानी नहीं हुई, क्योंकि सड़कें अच्छी स्थिति में हैं और एयरपोर्ट का क्षेत्र भी व्यवस्थित जगह पर स्थित है।

छात्रों ने आयोजन स्थल की व्यवस्थाओं को लेकर कुछ दिक्कतें भी साझा कीं। उनका कहना था कि बैग अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होने के कारण उन्हें बाहर ही बैठना पड़ रहा है। उन्होंने सुझाव दिया कि अगर बैग की जांच की उचित व्यवस्था होती, तो वे अंदर जाकर कार्यक्रम का हिस्सा बन सकते थे, क्योंकि वे कॉलेज से सीधे यहां पहुंचे हैं।

छात्रों ने एयरपोर्ट के निर्माण को क्षेत्र के विकास से जोड़ते हुए सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। उनका मानना है कि एयरपोर्ट शुरू होने से आसपास के इलाकों में विकास बढ़ेगा, कंपनियां आएंगी और रोजगार के अवसर पैदा होंगे। साथ ही, उन्होंने कहा कि अब यात्रा करना आसान हो जाएगा, क्योंकि पहले एयरपोर्ट के लिए दिल्ली जाना पड़ता था, लेकिन अब यह सुविधा पास में ही उपलब्ध हो जाएगी।

गौरतलब है कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को उत्तर भारत के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।