प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जेवर कार्यक्रम | जानिए एंट्री, रूट और पार्किंग की पूरी व्यवस्था

टेन न्यूज नेटवर्क

NOIDA / Jewar News (27 मार्च 2026): नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Noida International Airport, Jewar) के उद्घाटन और एमआरओ (MRO – Maintenance, Repair & Overhaul) परियोजना के शिलान्यास को लेकर तैयारियां अपने अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 मार्च 2026 को इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किन्जरापु राममोहन नायडू, केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य तथा गौतम बुद्ध नगर से सांसद डॉ. महेश शर्मा सहित कई वरिष्ठ नेता और अधिकारी मौजूद रहेंगे।

इस बड़े कार्यक्रम को लेकर टेन न्यूज नेटवर्क की टीम ने मौके पर पहुंचकर तैयारियों का जायज़ा लिया। कार्यक्रम स्थल पर विशाल मंच, बैठने की व्यापक व्यवस्था, सुरक्षा के कड़े इंतजाम और ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर बड़े स्तर पर काम किया जा रहा है। पूरे क्षेत्र को हाई सिक्योरिटी ज़ोन (High Security Zone) में तब्दील कर दिया गया है और पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं।

यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के अधिकारियों ने टेन न्यूज नेटवर्क से बातचीत में बताया कि कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष ट्रैफिक प्लान (Traffic Plan) तैयार किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, मथुरा और आगरा की ओर से आने वाले लोगों के लिए जेवर टोल प्लाजा (Jewar Toll Plaza) से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने की व्यवस्था की गई है, ताकि वाहनों का दबाव नियंत्रित रखा जा सके। इस दौरान सुबह 6 बजे से दोपहर बजे तक कोई टोल शुल्क नहीं लिया जाएगा।

वहीं गाजियाबाद, नोएडा और ग्रेटर नोएडा से आने वाले लोगों को बड़ी राहत देते हुए यमुना एक्सप्रेसवे (Yamuna Expressway) पर कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने के लिए टोल शुल्क नहीं लिया जाएगा। इससे बड़ी संख्या में लोगों के कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

अधिकारियों ने यह भी बताया कि वीआईपी (VIP) अतिथियों और मीडिया प्रतिनिधियों के लिए अलग से दयानतपुर (Dayanatpur) मार्ग से प्रवेश की व्यवस्था की गई है, ताकि कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और सुचारु व्यवस्था बनाए रखी जा सके। वहीं आम जनता के लिए सबोटा कट- किशोरपुर गांव (Kishorpur Village) से होकर कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने का मार्ग निर्धारित किया गया है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि कार्यक्रम में शामिल होने के दौरान निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, उद्योग जगत के प्रतिनिधि और आम नागरिकों के पहुंचने की संभावना है, जिसे देखते हुए पार्किंग और यातायात प्रबंधन की भी विशेष व्यवस्था की जा रही है।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को देश के सबसे बड़े ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट (Greenfield Airport) प्रोजेक्ट्स में से एक माना जा रहा है। इसके शुरू होने से गौतम बुद्ध नगर ही नहीं बल्कि पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर और आसपास के राज्यों को भी बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है। इससे क्षेत्र में निवेश, उद्योग, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

28 मार्च का यह कार्यक्रम गौतम बुद्ध नगर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए ऐतिहासिक माना जा रहा है, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एयरपोर्ट उद्घाटन के साथ एमआरओ सुविधा की आधारशिला रखकर क्षेत्र के विकास को नई दिशा देंगे।


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।