“आंदोलन में गिरफ्तारियां आभूषण होती है”: हजारों किसानों के बीच गौरव टिकैत ने किया बड़ा ऐलान!
टेन न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (04 दिसंबर 2024): नोएडा और ग्रेटर नोएडा के किसान बुधवार सुबह से यमुना एक्सप्रेसवे के जीरो प्वाइंट पर महापंचायत के लिए एकत्रित हुए हैं। इस महापंचायत का आयोजन भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के नेता राकेश टिकैत द्वारा मंगलवार को किसानों की गिरफ्तारी के विरोध में किया गया है। महापंचायत में बड़ी संख्या में किसान पहुंचे हैं।
धरनास्थल पर किसानों का उत्साहवर्धन करने और उनकी मांगों को जोरदार तरीके से उठाने के लिए भाकियू नेता नरेश टिकैत के बेटे गौरव टिकैत भी पहुंचे। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा, “आंदोलन में गिरफ्तारियां आभूषण होती हैं। हम अपने लोगों के बीच अपने स्थल पर बैठे हैं। दमनकारी नीतियों से आंदोलन का दमन नहीं होगा बल्कि ये और अधिक तेज होगा। यह किसानों का आंदोलन है, किसी विपक्षी दल का नहीं। हमारा कोई राजनीतिक स्वार्थ नहीं है, बल्कि हम अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं।”
गौरव टिकैत ने शासन-प्रशासन पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि किसान डरने वाले नहीं हैं और अपनी मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखेंगे।
गौरतलब है कि मंगलवार, 3 दिसंबर को दलित प्रेरणा स्थल पर धरना दे रहे सैकड़ों किसानों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। इस घटना के बाद से किसानों में आक्रोश बढ़ गया है और वे प्रशासन के रवैए का विरोध कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि जब तक उनकी मांगे नहीं मानी जाएंगी, उनका आंदोलन जारी रहेगा।
इस महापंचायत के माध्यम से किसानों ने सरकार को यह स्पष्ट संदेश दिया है कि वे अपने अधिकारों और मांगों के लिए संघर्षरत रहेंगे और किसी भी दबाव में झुकने वाले नहीं हैं।
टिप्पणियाँ बंद हैं।