दनकौर में करोड़ों की पशुचर भूमि अतिक्रमण मुक्त, प्रशासन ने चलाया बुलडोजर
टेन न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (24 जनवरी 2025): दनकौर के सलारपुर रोड पर करोड़ों रुपये की कीमत की पांच बीघा सरकारी पशुचर भूमि से अतिक्रमण हटाने के लिए प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की। बृहस्पतिवार को तहसील प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर बुलडोजर चलाया और अवैध कब्जा हटा दिया।
गुनपुरा गांव निवासी वीरपाल ने 13 जनवरी को तहसीलदार से शिकायत की थी कि सलारपुर रोड पर स्थित पांच बीघा भूमि, जो सरकारी रिकॉर्ड में पशुचर के रूप में दर्ज है, उस पर कस्बे के एक व्यक्ति ने अवैध रूप से कब्जा कर लिया है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि अतिक्रमणकर्ता ने भूमि की घेराबंदी कर वहां कॉलोनी काटने और जमीन बेचने की योजना बनाई थी। तहसीलदार अजय कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर भूमि का सत्यापन कराया गया। सरकारी अभिलेखों की जांच में पुष्टि हुई कि यह जमीन पशुचर के लिए आरक्षित है। अतिक्रमणकर्ता को तीन बार नोटिस जारी कर चेतावनी दी गई थी, लेकिन उसने कब्जा नहीं हटाया।
चेतावनी का असर न होते देख बृहस्पतिवार को तहसील प्रशासन की टीम ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर बुलडोजर चलाया और अवैध घेराबंदी को तोड़ दिया। प्रशासन का कहना है कि यदि आरोपी ने दोबारा कब्जा करने की कोशिश की तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। तहसीलदार ने यह भी बताया कि यह मामला अपर जिलाधिकारी (एडीएम) के पास लंबित है। इसके बावजूद प्राथमिक स्तर पर सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त कराना प्रशासन की प्राथमिकता रही।
इस कार्रवाई में स्थानीय समाजसेवियों का अहम योगदान रहा, जिन्होंने समय पर प्रशासन का ध्यान इस अवैध कब्जे की ओर आकर्षित किया। उनका कहना है कि पशुचर की भूमि को बचाना न केवल कानूनी दायित्व है, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है। प्रशासन की इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों में संतोष है, जबकि अधिकारियों ने कहा है कि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ ऐसी ही सख्ती जारी रहेगी।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।