जेवर एयरपोर्ट की बढी सुरक्षा: 5 नई पुलिस चौकियां स्थापित, 7 हाईटेक PCR/PRV वाहन तैनात
टेन न्यूज नेटवर्क
Jewar News (21/03/2026): नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन से पहले सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्ध नगर ने बड़े स्तर पर तैयारी शुरू कर दी है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में एयरपोर्ट और उसके आसपास के क्षेत्रों में 5 नई अस्थायी पुलिस चौकियां स्थापित की गई हैं, जबकि 7 अतिरिक्त पीसीआर/पीआरवी वाहनों की तैनाती की गई है।
एयरपोर्ट जैसे अति संवेदनशील क्षेत्र को देखते हुए आंतरिक और बाहरी दोनों स्तरों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। नवसृजित ‘जेवर डोमेस्टिक टर्मिनल पुलिस स्टेशन’ के अंतर्गत माइल स्टोन-32 किमी, कार्गो टर्मिनल और डोमेस्टिक टर्मिनल पर तीन चौकियां संचालित की जा रही हैं। वहीं बाहरी सुरक्षा के लिए थाना रबूपुरा क्षेत्र में माइल स्टोन-27 किमी और थाना दनकौर क्षेत्र में माइल स्टोन-15 किमी पर दो नई चौकियां स्थापित की गई हैं।
सुरक्षा के साथ-साथ यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए 7 अत्याधुनिक पीसीआर/पीआरवी वाहनों को तैनात किया गया है। एक पीसीआर वाहन यमुना एक्सप्रेस-वे पर जेवर टोल से फलैदा कट तक लगातार गश्त करेगा, जबकि दूसरा एयरपोर्ट के मुख्य मार्ग पर तैनात रहेगा। इसके अलावा दो पीआरवी वाहन बाहरी ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे और तीन अन्य वाहन डोमेस्टिक टर्मिनल थाना क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग करेंगे।
पुलिस के अनुसार, इन सभी वाहनों को आधुनिक सुरक्षा उपकरणों से लैस किया गया है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रतिक्रिया दी जा सके। एयरपोर्ट मार्गों पर लगातार पुलिस की मौजूदगी से यात्रियों को त्वरित सहायता मिलेगी और क्षेत्र में सुरक्षा का भरोसा और मजबूत होगा।
पुलिस कमिश्नरेट का कहना है कि ये सभी व्यवस्थाएं जेवर एयरपोर्ट को सुरक्षित, व्यवस्थित और तकनीक आधारित पुलिसिंग मॉडल के रूप में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं, जिससे न केवल यात्रियों बल्कि स्थानीय नागरिकों को भी बेहतर सुरक्षा और सुविधा मिल सकेगी।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।