3 फीट कद और अनगिनत चुनौतियां: डॉ. गणेश बारैया ने पेश की सफलता की मिसाल

टेन न्यूज नेटवर्क

National News (19/03/2026): गुजरात के भावनगर निवासी 25 वर्षीय डॉ. गणेश बारैया ने कठिन परिस्थितियों और सामाजिक चुनौतियों को पार करते हुए एमबीबीएस की डिग्री हासिल कर एक मिसाल कायम की है। महज 3 फीट लंबाई और 20 किलो वजन होने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और आज भावनगर सिविल अस्पताल में चिकित्सा अधिकारी के रूप में सेवाएं दे रहे हैं।

डॉ. गणेश बारैया का बचपन संघर्षों से भरा रहा। प्राथमिक शिक्षा के दौरान उन्हें स्कूल पहुंचने के लिए रोज़ 5 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ता था। कई बार थक जाने पर उनके पिता उन्हें कंधे पर बैठाकर स्कूल तक ले जाते थे। स्कूल में उनकी लंबाई को लेकर कुछ छात्र उनका मजाक भी उड़ाते थे, लेकिन उन्होंने पढ़ाई जारी रखी।

परिवार ने भी कठिन फैसलों का सामना किया। बचपन में सर्कस के लोगों ने उनके पिता को गणेश को देने के बदले 5 लाख रुपये का प्रस्ताव दिया था, जिसे उनके पिता ने ठुकरा दिया और बेटे की शिक्षा को प्राथमिकता दी। यह घटना गणेश के लिए प्रेरणा बनी।

12वीं साइंस पास करने और NEET परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद गणेश ने एमबीबीएस में दाखिले के लिए आवेदन किया, लेकिन मेडिकल काउंसिल ने उनकी विकलांगता का हवाला देते हुए आवेदन खारिज कर दिया। इसके बाद उन्होंने न्याय के लिए हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया, जहां उन्हें निराशा हाथ लगी।

मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा, जहां 22 अक्टूबर 2018 को उनके पक्ष में फैसला आया। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि विकलांगता एमबीबीएस में दाखिले में बाधा नहीं बन सकती। इस निर्णय के बाद गणेश को मेडिकल शिक्षा का अवसर मिला और उन्होंने अपनी पढ़ाई पूरी की।

डॉ. गणेश बारैया भावनगर सिविल अस्पताल में मेडिकल ऑफिसर के रूप में कार्यरत हैं। अस्पताल में मरीजों, खासकर बच्चों के साथ उनका बेहतर संवाद देखने को मिलता है, जिससे उन्हें इलाज में सहायता मिलती है।

डिस्क्लेमर: यह लेख / न्यूज आर्टिकल सार्वजनिक डोमेन में उपलब्ध जानकारी और प्रतिष्ठित / विश्वस्त मीडिया स्रोतों से मिली जानकारी पर आधारित है।यह लेख केवल सामान्य जानकारी के लिए है। पाठक कृपया स्वयं इस की जांच कर सूचनाओं का उपयोग करे ॥


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।