किसानों के त्याग से साकार हुआ सपना, पीएम मोदी करेंगे जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन: विधायक धीरेन्द्र सिंह

टेन न्यूज नेटवर्क

Jewar News (19/03/2026): नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लोकार्पण की तिथि अब औपचारिक रूप से निर्धारित हो गई है। आगामी 28 मार्च 2026 को देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस विश्वस्तरीय हवाई अड्डे का उद्घाटन करेंगे। यह ऐतिहासिक अवसर केवल एक हवाई अड्डे के उद्घाटन तक सीमित नहीं, बल्कि “नए उत्तर प्रदेश” की उड़ान और भारत की बढ़ती वैश्विक शक्ति का सशक्त प्रतीक होगा।

इस संबंध में जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस ऐतिहासिक आयोजन को भव्य एवं जन-जन की भागीदारी वाला उत्सव बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। इसी क्रम में आज उन्होंने कस्बा जेवर में आसपास के अनेक ग्रामों के सम्मानित नागरिकों, किसानों एवं ग्राम प्रधानों के साथ एक बैठक की, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता रही।

जेवर के विधायक धीरेन्द्र सिंह ने लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि यह आयोजन केवल एक जनसभा नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के गौरव, सम्मान और भविष्य से जुड़ा जन-उत्सव है।जेवर के विधायक ने सभी ग्रामवासियों से आह्वान किया कि आप अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में हिस्सा लेकर इसे ऐतिहासिक और अविस्मरणीय बनाएं।

बैठक के दौरान रैली की व्यवस्थाओं, यातायात, सुरक्षा, जनसुविधाओं एवं ग्राम स्तर पर व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत रणनीति बनाई गई।

बैठक के उपरांत विधायक धीरेंद्र सिंह ने नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के निर्माणाधीन स्थल का भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित लोगों से वार्ता कर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम की समीक्षा की।

इस अवसर पर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने क्षेत्र के किसान भाइयों के योगदान को स्मरण करते हुए भावुक शब्दों में कहा मैं अपने उन सभी किसान भाइयों को हृदय से नमन करता हूं, जिन्होंने राष्ट्रहित में अपनी अमूल्य भूमि समर्पित कर, इस हवाई अड्डे को संभव बनाया। उनका त्याग और समर्पण आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य की नींव है।

जेवर के विधायक धीरेन्द्र सिंह ने आगे बताया कि प्रधानमंत्री‌

नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम अत्यंत भव्य एवं ऐतिहासिक होगा, जिसमें लाखों लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। प्रशासन एवं संबंधित विभागों द्वारा युद्धस्तर पर तैयारियां की जा रही हैं, ताकि यह आयोजन सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

इस मौके पर हिमाचल और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्रा ने भी आज जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह के साथ नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का भ्रमण किया तथा अपने संबोधन में कहा कि नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की भव्यता देखकर बहुत अच्छा लगा। प्रदेश की अर्थव्यवस्था में नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट मील का पत्थर साबित होगा।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।