फर्जी ECHS कार्ड से इलाज कराने वाला गिरोह बेनकाब, चार आरोपी गिरफ्तार

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (17/03/2026): थाना बिसरख पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों के जरिए इलाज कराने वाले एक संगठित गिरोह का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से घटना में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन के साथ व्हाट्सएप के माध्यम से भेजे गए फर्जी ईसीएचएस कार्ड और आधार कार्ड भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने एक युवती के नाम पर फर्जी ईसीएचएस कार्ड और आधार कार्ड का उपयोग कर दूसरी महिला का अस्पताल में इलाज कराया और इस प्रक्रिया में करीब 6.5 लाख रुपये का अवैध लाभ उठाया। इलाज के दौरान महिला की मृत्यु हो जाने के बाद आरोपियों ने उसी फर्जी पहचान के आधार पर मृत्यु प्रमाण पत्र भी बनवाकर प्रस्तुत कर दिया।

मामले का खुलासा 17 मार्च 2026 को उस समय हुआ जब बिसरख पुलिस ने गुप्त सूचना और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई जानकारी के आधार पर कार्रवाई की। पुलिस ने शिखा सिंह, यश सिंह, जितेंद्र यादव और दानिश खान को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में सामने आया कि शिखा सिंह की बहन लंबे समय से बीमार थी और आर्थिक तंगी के कारण उसका सही इलाज नहीं हो पा रहा था। इसी दौरान स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत एक परिचित के जरिए उसकी मुलाकात दानिश खान से हुई, जिसने कम खर्च में इलाज कराने का भरोसा दिलाया। इसके बाद दानिश ने व्हाट्सएप के जरिए फर्जी ईसीएचएस कार्ड और आधार कार्ड उपलब्ध कराए, जिनके आधार पर 29 जुलाई 2025 को मरीज को किसी अन्य व्यक्ति की पहचान में अस्पताल में भर्ती कराया गया।

इलाज के दौरान 5 अगस्त 2025 को मरीज की मृत्यु हो गई। इसके बावजूद आरोपियों ने शव भी उसी फर्जी नाम से प्राप्त किया और पूरी प्रक्रिया को दस्तावेजों के जरिए वैध दिखाने की कोशिश की। इस कार्य के बदले दानिश खान को लगभग 65 हजार रुपये ऑनलाइन और बाकी रकम नकद दी गई।

दानिश खान ने पूछताछ में यह भी स्वीकार किया कि वह अपने साथी प्रदीप के साथ मिलकर पिछले दो वर्षों से इस तरह की धोखाधड़ी कर रहा था। दोनों ऐसे लोगों को तलाशते थे जो इलाज का खर्च कम करना चाहते थे और उन्हें फर्जी दस्तावेजों के जरिए अस्पताल में भर्ती कराकर बीमा क्लेम दिलवाते थे। इस मामले में दोनों पहले भी थाना फेस-2 क्षेत्र से जेल जा चुके हैं और बाहर आने के बाद फिर से इसी अवैध गतिविधि में शामिल हो गए।

पुलिस ने बताया कि फरार आरोपी प्रदीप की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है और उसकी तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों में गाजियाबाद निवासी 25 वर्षीय शिखा सिंह, 20 वर्षीय यश सिंह, फिरोजाबाद निवासी 31 वर्षीय जितेंद्र यादव और बुलंदशहर निवासी 22 वर्षीय दानिश खान शामिल हैं। इस संबंध में थाना बिसरख में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।