असम, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव का ऐलान, जानें पूरा कार्यक्रम
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (15 March 2026): देश के पांच राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। ECI ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि असम, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव अप्रैल महीने में कराए जाएंगे, जबकि मतगणना 4 मई को होगी। इन चुनावों को लेकर आयोग ने विस्तृत कार्यक्रम और नई व्यवस्थाओं की जानकारी भी दी।
चुनाव आयोग के अनुसार असम, केरल और पुडुचेरी में 9 अप्रैल को मतदान होगा। वहीं तमिलनाडु में 23 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। पश्चिम बंगाल में चुनाव दो चरणों में कराए जाएंगे, जिसमें पहला चरण 23 अप्रैल और दूसरा चरण 29 अप्रैल को होगा। सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में मतगणना 4 मई को एक साथ की जाएगी।
चुनाव कार्यक्रम की घोषणा मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने निर्वाचन आयुक्त सुखबीर सिंह सिंधु और विवेक जोशी के साथ की। उन्होंने बताया कि चुनाव को पारदर्शी और मतदाताओं के लिए सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से पिछले 12 महीनों में आयोग ने 30 से अधिक नई पहलें शुरू की हैं।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में सबसे अहम पहल विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) है, जिससे यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी पात्र मतदाता मतदान से वंचित न रहे और कोई अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो। इसके तहत कई राज्यों में मतदाता सूची को नए सिरे से तैयार किया गया और आवश्यक दस्तावेजों के आधार पर सत्यापन की प्रक्रिया भी की गई।
चुनाव आयोग ने मतदान को आसान बनाने के लिए कई नई व्यवस्थाएं भी लागू की हैं। मतदान केंद्र के प्रवेश द्वार के बाहर मतदाता अपना मोबाइल फोन जमा कर सकेंगे और मतदान के बाद वापस ले सकेंगे। इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) पर उम्मीदवारों की रंगीन तस्वीरें भी दिखाई जाएंगी ताकि मतदाताओं को उम्मीदवार पहचानने में आसानी हो। लंबी कतारों से बचने के लिए किसी भी मतदान केंद्र पर 1200 से अधिक मतदाता नहीं रखे जाएंगे।
इसके साथ ही आयोग ने बताया कि उम्मीदवारों के लिए बूथ मतदान केंद्र से 100 मीटर की दूरी पर ही लगाए जा सकेंगे। मतदाता सूचना पर्ची पर मतदान केंद्र का नंबर, मतदाता का क्रमांक और अन्य आवश्यक जानकारी स्पष्ट रूप से दी जाएगी। इसके अलावा आयोग ने ईसीआई-नेट नाम का एक नया मोबाइल ऐप भी शुरू किया है, जिसमें चुनाव से जुड़ी सभी सेवाएं और जानकारी एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होंगी।
चुनाव आयोग के अनुसार इन पांच राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में कुल लगभग 17.4 करोड़ मतदाता हैं। यहां 824 विधानसभा सीटों के लिए मतदान कराया जाएगा और लगभग 2.19 लाख मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। चुनाव प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए करीब 25 लाख कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया जाएगा।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।