सपनों को सच करना है तो नौकरी नहीं, सीखने की भूख और कर्म पर भरोसा रखें: डॉ. खुशबू सिंह, हस्तशिल्प निर्यातक एवं निदेशक, आर्या फैशन्स
टेन न्यूज नेटवर्क
New Delhi News (12/03/2026): अग्रणी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म “टेन न्यूज़ नेटवर्क” द्वारा जनहित और राष्ट्रहित से जुड़े मुद्दों को सकारात्मक और निष्पक्ष रूप से सामने लाने की अपनी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए मंगलवार, 10 मार्च को दिल्ली के कांस्टीट्यूशन क्लब में गलगोटियास यूनिवर्सिटी के सहयोग से एक विशेष ज्ञानवर्धक टॉक शो “टेन टॉक्स” का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में राजनीति, शिक्षा, कानून, समाज सेवा और अध्यात्म जैसे विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों ने हिस्सा लेकर अपने अनुभव और विचार साझा किए।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद पी. संतोष कुमार, अयोध्या से समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद और राज्यसभा सांसद पी. विल्सन उपस्थित रहे। सभी मुख्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर मंच से देश के विकास, लोकतांत्रिक मूल्यों और समाज में सकारात्मक योगदान देने वाले विभिन्न क्षेत्रों की भूमिका पर व्यापक चर्चा की गई।
कार्यक्रम में आर्या फैशंस की संस्थापक एवं CEO डॉ. खुशबू सिंह ने अपने संबोधन में युवाओं को उद्यमिता, मेहनत और आत्मविश्वास का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आज का युवा नौकरी के बजाय अपने सपनों को साकार करने के लिए उद्यमिता की ओर कदम बढ़ाना चाहता है, लेकिन इसके लिए सबसे पहले सीखने और अनुभव प्राप्त करने की इच्छा होना जरूरी है।
उन्होंने कहा, जब पढ़ाई पूरी हो जाए तो उसे अंत नहीं समझना चाहिए। छात्रों को कम से कम छह महीने किसी भी कार्यस्थल पर काम करके वास्तविक अनुभव हासिल करना चाहिए, भले ही उन्हें इसके लिए कोई वेतन न मिले। इंडस्ट्री आपको वह सिखाती है जो किताबें नहीं सिखा सकतीं।
डॉ. खुशबू सिंह ने अपनी व्यक्तिगत यात्रा साझा करते हुए बताया कि उन्होंने वर्ष 2006 में मात्र 4,500 रुपये की नौकरी से अपने करियर की शुरुआत की थी। लगातार मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर आज उनकी दो फैक्ट्रियां संचालित हो रही हैं, जहां दो हजार से अधिक महिलाएं कार्यरत हैं।
उन्होंने कहा, सफलता रातोंरात नहीं मिलती। इसके लिए वर्षों की मेहनत, धैर्य और संघर्ष की जरूरत होती है। यदि युवा अपने लक्ष्य पर एकाग्र होकर मेहनत करें तो वे भी अपनी अलग पहचान बना सकते हैं। महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि समाज में वास्तविक परिवर्तन तब संभव है जब महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत बनें। उन्होंने बताया कि उनकी संस्था ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को रोजगार और कौशल प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाने का काम कर रही है।

उन्होंने कहा, महिला सशक्तिकरण का असली अर्थ है आर्थिक सशक्तिकरण। महिलाओं को किसी हथियार की जरूरत नहीं होती, उन्हें केवल कौशल और अवसर चाहिए। जब महिलाओं को हुनर मिलता है तो समृद्धि अपने आप उनके साथ जुड़ जाती है।
डॉ. खुशबू सिंह ने बताया कि उनकी कंपनी उत्तर प्रदेश के कई गांवों की महिलाओं को रोजगार से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का कार्य कर रही है। साथ ही भविष्य में एसिड अटैक सर्वाइवर्स के लिए भी विशेष पहल की योजना बनाई जा रही है, ताकि उन्हें कौशल प्रशिक्षण, रोजगार और सम्मानजनक जीवन का अवसर मिल सके।
उन्होंने कहा, “समाज में ऐसे कई लोग हैं जिन्हें परिस्थितियों के कारण अवसर नहीं मिल पाते। हमारा प्रयास है कि हम उन्हें कौशल सिखाकर आत्मविश्वास दें और उन्हें सम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर प्रदान करें।”
अपने संबोधन के दौरान उन्होंने अंधविश्वास और सामाजिक धारणाओं पर भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि सफलता का संबंध रंगों, वस्त्रों या किसी प्रकार के वहम से नहीं बल्कि व्यक्ति के कर्म और मेहनत से होता है। उन्होंने मुस्कुराते हुए अंत में कहा, लोग अक्सर कहते हैं कि काला रंग पहनना अच्छा नहीं होता। लेकिन मैं हमेशा कहती हूँ कि कपड़ों का रंग नहीं, कर्मों का रंग मायने रखता है। कपड़े काले हो सकते हैं, लेकिन हमारे कर्म कभी काले नहीं होने चाहिए।

इस विशेष कार्यक्रम में प्रोफेसर रूबी मिश्रा (प्राचार्य, भगिनी निवेदिता कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय), एडवोकेट डॉ. ए.पी. सिंह (वरिष्ठ अधिवक्ता, सर्वोच्च न्यायालय), डॉ. आदिश सी अग्रवाला (वरिष्ठ अधिवक्ता, सर्वोच्च न्यायालय), डॉ. खुशबू सिंह (हस्तशिल्प निर्यातक एवं निदेशक, आर्य फैशन), आनंदिता बासु (क्विज मास्टर), सुश्री रुचिका आर. शर्मा (प्रसिद्ध ज्योतिषी), डॉ. प्रो. वंदना शर्मा ‘दिया’ (प्रोफेसर, दिल्ली विश्वविद्यालय एवं अद्वैत वेदांत दर्शन की विद्वान), प्रोफेसर सविता झा (प्रोफेसर, दिल्ली विश्वविद्यालय एवं सामाजिक कार्यकर्ता), ज्योतिष रत्न गुरुजी गौतम ऋषि (संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष, अखिल भारतीय गुरुकुल एवं गौशाला अनुसंधान संस्थान), मेजर डॉ. प्राची गर्ग (एमसी एवं कारगिल योद्धा), पुरुषोत्तम बिहारी (चिंतक व लेखक) तथा आलोक द्विवेदी (वरिष्ठ पत्रकार एवं अध्यक्ष, नोएडा मीडिया क्लब) सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सभी वक्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्र में प्राप्त अनुभवों, संघर्षों और सफलता की प्रेरक यात्राओं को साझा किया। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि शिक्षा, कानून, मीडिया, संस्कृति और अध्यात्म जैसे विभिन्न क्षेत्र किस प्रकार विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने उम्मीद जताई कि “टेन टॉक्स” जैसे संवादात्मक मंच समाज में सकारात्मक विचार-विमर्श को बढ़ावा देंगे और आने वाली पीढ़ी को सही दिशा में प्रेरित करने का कार्य करेंगे।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।