‘प्रगति–2026’ में गौतम बुद्धनगर की टीम को राज्य स्तरीय सम्मान, बालिका शिक्षा में उत्कृष्ट कार्य की सराहना

टेन न्यूज नेटवर्क

Gautam Budh Nagar News (11/03/2026): अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम “प्रगति–2026” में गौतमबुद्ध नगर जनपद की बालिका शिक्षा टीम को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। बेसिक शिक्षा विभाग उत्तर प्रदेश और यूनिसेफ के संयुक्त तत्वावधान में यह कार्यक्रम लखनऊ के दयानंद गेटवे सभागार, किसान बाजार, गोमती नगर में आयोजित हुआ, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में गौतम बुद्धनगर की टीम ने बालिका शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों और नवाचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर विशेष पहचान बनाई। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार के नेतृत्व तथा जिला समन्वयक बालिका शिक्षा विनय प्रकाश सिंह के मार्गदर्शन में टीम ने कार्यशाला में उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए जनपद का गौरव बढ़ाया।

इस अवसर पर जिला समन्वयक अमित वर्मा, बिसरख विकासखंड की नोडल अर्चना पांडेय, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय दादरी की छात्रा जिया तथा सुगमकर्ता अफसाना को बालिका शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य और प्रभावशाली प्रस्तुति के लिए सम्मानित किया गया। इन सभी ने अपने अनुभवों और प्रयासों के माध्यम से यह दर्शाया कि जनपद में बालिकाओं की शिक्षा और सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान गौतम बुद्धनगर की टीम द्वारा “शारीरिक जागरूकता” और “लैंगिक रूढ़ियों” विषयों पर एक विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई। इस प्रदर्शनी के माध्यम से बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने, समानता की भावना विकसित करने तथा समाज में जागरूकता फैलाने से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश प्रस्तुत किए गए, जिसकी उपस्थित अधिकारियों और प्रतिभागियों ने सराहना की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने छात्र-छात्राओं और प्रतिभागियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा तथा विद्यालयी शिक्षा महानिदेशक मोनिका रानी भी उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम में बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने तथा उल्लेखनीय कार्य करने वाले छात्र-छात्राओं, सुगमकर्ताओं, विकासखंड नोडल अधिकारियों और बालिका शिक्षा समन्वयकों को सम्मानित कर उनके प्रयासों की सराहना की गई।गौतमबुद्ध नगर जनपद की टीम को मिला यह सम्मान जिले के लिए गर्व का विषय है। इससे बालिका शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को नई ऊर्जा और प्रेरणा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।