जिलाधिकारी और पुलिस कमिश्नर महिला, फिर भी असुरक्षित महिलाएं? महिला आयोग का बड़ा सवाल

मेघा राजपूत, संवाददाता

Gautam Buddh Nagar News (09 मार्च 2026): गौतमबुद्ध नगर जिले में महिलाओं की सुरक्षा और उन्हें समय पर न्याय न मिलने को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। हैरानी की बात यह है कि जिले में जिलाधिकारी और पुलिस कमिश्नर दोनों ही महिलाएं होने के बावजूद कई पीड़ित महिलाओं को न्याय के लिए भटकना पड़ रहा है।

सोमवार को उत्तर प्रदेश महिला आयोग की सदस्य डॉ मीनाक्षी भराला (Dr. Meenakshi Bharala) ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जिले में कई मामलों में पीड़ित महिलाओं के साथ पुलिस का व्यवहार ठीक नहीं है और उन्हें समय पर न्याय नहीं मिल पा रहा है। उनके बयान ने जिले की कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। इस दौरान एक पीड़िता ने भी मीडिया के सामने अपनी आपबीती सुनाई।

“पहले आई लव यू बोलो, फिर रिपोर्ट लिखूंगा”

डॉ. मीनाक्षी भराला ने बताया कि जब पीड़ित महिलाएं अपनी शिकायत लेकर पुलिस के पास जाती हैं तो उन्हें सम्मानजनक व्यवहार मिलना चाहिए, लेकिन कई मामलों में पुलिसकर्मियों का रवैया निराशाजनक होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ मामलों में महिलाओं के साथ अभद्र भाषा में बात की जाती है और शिकायत दर्ज करने में टालमटोल की जाती है, जिससे पीड़ित महिलाओं का मनोबल टूट जाता है और वे न्याय पाने के लिए आगे आने से भी डरने लगती हैं।

उन्होंने आगे कहा कि कुछ पीड़ित महिलाओं ने आरोप लगाया है कि पुलिसकर्मी उनसे अनुचित बातें करते हैं और रिपोर्ट दर्ज करने से पहले परेशान करते हैं। कुछ मामलों में महिलाओं से कहा गया कि “पहले आई लव यू बोलो, फिर रिपोर्ट लिखूंगा” या “शाम को फ्री हो तो घूमने चलो, तब रिपोर्ट लिखूंगा।” उन्होंने कहा कि इस तरह का व्यवहार किसी भी पीड़ित महिला के आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाने वाला है और ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

पुलिस के व्यवहार से आहत होकर आत्महत्या की कोशिश

महिला आयोग की सदस्य ने यह भी कहा कि कई बार पुलिस प्रशासन की ओर से सही जानकारी भी उपलब्ध नहीं कराई जाती, जिससे पीड़ित महिलाओं को और अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि उनके पास ऐसे मामले भी आए हैं जिनमें पुलिस के व्यवहार से आहत होकर पीड़ित महिलाओं ने आत्महत्या जैसा गंभीर कदम उठाने की कोशिश की।

उन्होंने एक ऐसे मामले का भी जिक्र किया जिसमें एक पीड़ित महिला पुलिस के व्यवहार से परेशान होकर आत्महत्या करने का प्रयास कर चुकी है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति बेहद चिंताजनक है और इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता।

“ऊपर अधिकारी अच्छा काम कर रहे, नीचे स्तर पर गड़बड़ी”

डॉ. मीनाक्षी भराला ने कहा कि जिले की जिलाधिकारी और पुलिस कमिश्नर अपना काम बेहतर तरीके से कर रही हैं, लेकिन निचले स्तर पर काम करने वाले कुछ कर्मचारी अपने कर्तव्यों का सही तरीके से पालन नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन के निर्देशों का सही तरीके से पालन किया जाए तो पीड़ित महिलाओं को न्याय के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सरकार की प्राथमिकता है कि महिलाओं को सुरक्षित वातावरण मिले और उन्हें न्याय दिलाया जाए। लेकिन इसके लिए जरूरी है कि जमीनी स्तर पर काम करने वाले अधिकारी और कर्मचारी भी पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ काम करें।

महिला दिवस पर सीएम का संदेश

गौरतलब है कि 8 मार्च को International Women’s Day के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने कहा था कि हर प्रदेशवासी की जिम्मेदारी है कि बेटियों की सुरक्षा और उनके स्वावलंबन के लिए उठाए जा रहे कदमों का लाभ उन तक पहुंचाने में अपना योगदान दें। उन्होंने समाज के हर वर्ग से महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के लिए आगे आने की अपील की थी।

उठ रहे हैं कई बड़े सवाल

इसके बावजूद गौतमबुद्ध नगर जैसे विकसित जिले में यदि पीड़ित महिलाओं को पुलिस से ही न्याय पाने में परेशानी हो रही है, तो यह प्रशासन और समाज दोनों के लिए चिंता का विषय है। जरूरत इस बात की है कि पुलिस व्यवस्था को और अधिक संवेदनशील और जवाबदेह बनाया जाए, ताकि किसी भी पीड़ित महिला को न्याय के लिए भटकना न पड़े।
अब सवाल यह उठता है कि जब जिले में जिलाधिकारी और पुलिस कमिश्नर दोनों ही महिलाएं हैं, तब भी पीड़ित महिलाओं को न्याय पाने के लिए संघर्ष क्यों करना पड़ रहा है। क्या व्यवस्था में कहीं ऐसी कमियां हैं जिन्हें तुरंत सुधारने की आवश्यकता है?

इस पूरे मामले पर आपकी क्या राय है? हमें कमेंट बॉक्स में जरूर बताएं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।