दिल्ली के नाम एक और रिकॉर्ड, जानें किस मामले में बनी देश की पहली राजधानी

New Delhi News (08 March 2026): पीएम नरेंद्र मोदी ने रविवार को दिल्ली मेट्रो नेटवर्क को बड़ी सौगात देते हुए पिंक लाइन और मैजेंटा लाइन के नए कॉरिडोर का उद्घाटन किया तथा दिल्ली मेट्रो प्रोजेक्ट के फेज-V(A) के तहत तीन नए कॉरिडोर की आधारशिला भी रखी। इस अवसर पर पिंक लाइन के 12.3 किलोमीटर लंबे मजलिस पार्क-मौजपुर-बाबरपुर सेक्शन और मैजेंटा लाइन के 9.9 किलोमीटर लंबे दीपाली चौक-मजलिस पार्क एक्सटेंशन को जनता के लिए समर्पित किया गया। इन परियोजनाओं के शुरू होने से राजधानी के मेट्रो नेटवर्क में बड़ा विस्तार हुआ है और लाखों यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा।

पिंक लाइन के नए हिस्से के शुरू होने के साथ ही कॉरिडोर का सर्कुलर अलाइनमेंट पूरा हो गया है, जिससे दिल्ली को देश का पहला ऑपरेशनल ‘रिंग मेट्रो नेटवर्क’ मिल गया है। मजलिस पार्क-मौजपुर-बाबरपुर सेक्शन में कुल नौ स्टेशन बनाए गए हैं, जो पूरी तरह एलिवेटेड हैं। इनमें मजलिस पार्क, बुराड़ी, जगतपुर-वजीराबाद, सूरघाट, सोनिया विहार, खजूरी खास, भजनपुरा, यमुना विहार और मौजपुर-बाबरपुर स्टेशन शामिल हैं। इस सेक्शन के चालू होने से उत्तर और उत्तर-पूर्वी दिल्ली के बीच कनेक्टिविटी काफी मजबूत होने की उम्मीद है और यात्रियों को सफर में अधिक सुविधा मिलेगी।

इस नए पिंक लाइन कॉरिडोर में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर भी शामिल किया गया है। यमुना नदी पर एक नया पुल बनाया गया है, जबकि एक डबल-डेकर वायडक्ट तैयार किया गया है, जिसमें ऊपर मेट्रो लाइन और नीचे सड़क फ्लाईओवर का संचालन होगा। यह व्यवस्था यातायात को सुगम बनाने और समय की बचत के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने मैजेंटा लाइन के दीपाली चौक-मजलिस पार्क एक्सटेंशन का भी उद्घाटन किया। यह 9.9 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर है, जो मधुबन चौक, उत्तर पीतमपुरा-प्रशांत विहार, हैदरपुर बादली मोड़ और भलस्वा जैसे इलाकों को जोड़ता है। इस कॉरिडोर पर कुल सात स्टेशन बनाए गए हैं। इस हिस्से के शुरू होने से उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के कई इलाकों को मेट्रो नेटवर्क से सीधा लाभ मिलेगा।

दिल्ली मेट्रो के इस मैजेंटा लाइन कॉरिडोर का कुछ हिस्सा लगभग 28.36 मीटर की ऊंचाई तक पहुंचता है, जो इसे दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के सबसे ऊंचे एलिवेटेड सेक्शनों में से एक बनाता है। इस विस्तार के साथ मैजेंटा लाइन की कुल लंबाई लगभग 49 किलोमीटर हो जाएगी। वर्तमान में इस कॉरिडोर का बॉटनिकल गार्डन-कृष्णा पार्क एक्सटेंशन हिस्सा पहले से ही संचालित हो रहा है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस का भी उल्लेख किया और देश की महिलाओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि चाहे राजनीति हो, प्रशासन, विज्ञान, खेल या समाज सेवा भारत की महिला शक्ति हर क्षेत्र में नई ऊर्जा और क्षमता के साथ आगे बढ़ रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के सफल नेतृत्व में राजधानी में विकास की गति तेज हुई है और विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने देश के विकास में महिलाओं के असीम योगदान के लिए आभार भी व्यक्त किया।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।