नोएडा में बेटे ने की पिता की हत्या: ईएमआई के पैसों को लेकर हुआ विवाद

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (07/03/2026): नोएडा के एक्सप्रेसवे थाना क्षेत्र में पिता की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार की किस्त को लेकर हुए विवाद के बाद बेटे ने अपने ही पिता पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को सेक्टर-168 स्थित छपरौली लेबर चौक के पास से गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार 1 मार्च को एक्सप्रेसवे क्षेत्र में यमुना डूब क्षेत्र के पास एक व्यक्ति का शव मिला था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान राकेश के रूप में हुई, जो यमुना डूब क्षेत्र का निवासी था। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि राकेश के सिर पर गंभीर चोटें थीं, जिससे अंदेशा हुआ कि उनकी हत्या की गई है।

एडीसीपी ने बताया कि जांच में पता चला कि राकेश ने अपने बेटे सतेंद्र कुमार को कुछ समय पहले एक कार ईएमआई पर दिलाई थी। सतेंद्र कार चलाकर उसकी किस्तें चुका रहा था। 28 फरवरी को कार की मासिक किस्त जमा करनी थी। इसी बात को लेकर राकेश ने अपने बेटे से पैसे के बारे में पूछा। इस दौरान दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गई।

विवाद के दौरान सतेंद्र ने पास में रखी ट्रैक्टर को जोड़ने वाली पतली लोहे की पिन रॉड उठा ली और पिता के सिर पर वार कर दिया। अचानक हुए इस हमले में राकेश गंभीर रूप से घायल हो गए। सिर पर गहरी चोट लगने के कारण काफी खून बह गया और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद सतेंद्र मौके से फरार हो गया। इस बीच पुलिस को घटना की सूचना मिली और मामले में मृतक के परिजनों की शिकायत पर केस दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित की और कई स्थानों पर दबिश दी।

लगातार तलाश के बाद पुलिस ने आरोपी सतेंद्र कुमार को सेक्टर-168 स्थित छपरौली लेबर चौक के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड और खून से सने कपड़े भी बरामद किए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि मामूली आर्थिक विवाद ने इस घटना को एक दर्दनाक पारिवारिक त्रासदी में बदल दिया।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।