दिल्ली को मिलेगी ‘रिंग मेट्रो’ की सौगात, कल PM मोदी की दिल्लीवासियों से होगी मुलाकात

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (07 मार्च 2026): दिल्ली में मेट्रो नेटवर्क के बड़े विस्तार की तैयारी पूरी हो चुकी है और 8 मार्च को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी राजधानी को नई मेट्रो परियोजनाओं की महत्वपूर्ण सौगात देंगे। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने कहा कि दिल्ली मेट्रो (Delhi Metro) का निरंतर विस्तार शहर की रफ्तार, कनेक्टिविटी और स्वच्छ सार्वजनिक परिवहन (Public Transport) को नई दिशा देगा। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से यात्रियों को तेज, सुविधाजनक और पर्यावरण-अनुकूल (Eco-friendly) यात्रा का विकल्प मिलेगा, साथ ही सड़कों पर निजी वाहनों का दबाव भी कम होगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री दो नए मेट्रो कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे, जिनमें मजलिस पार्क से मौजपुर-बाबरपुर सेक्शन (Pink Line) और दीपाली चौक से मजलिस पार्क सेक्शन (Magenta Line) शामिल हैं। मजलिस पार्क से मौजपुर-बाबरपुर कॉरिडोर के शुरू होने के साथ ही पिंक लाइन की कुल लंबाई लगभग 71.56 किलोमीटर हो जाएगी और दिल्ली को देश की पहली पूर्ण रूप से संचालित ‘रिंग मेट्रो’ (Ring Metro) मिल जाएगी। इससे राजधानी के अलग-अलग हिस्सों के बीच यात्रा अधिक तेज और आसान होगी, खासकर उत्तर-पूर्वी और उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि दीपाली चौक से मजलिस पार्क तक का कॉरिडोर मैजेंटा लाइन का विस्तार है, जिससे इस लाइन की कुल लंबाई लगभग 49 किलोमीटर हो जाएगी। इसके शुरू होने से कई प्रमुख आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्रों को मेट्रो नेटवर्क से बेहतर तरीके से जोड़ा जाएगा और यात्रियों को निर्बाध (Seamless Connectivity) यात्रा की सुविधा मिलेगी।

इसके साथ ही प्रधानमंत्री मेट्रो के फेज-V (Phase-V) के अंतर्गत तीन नए कॉरिडोर का शिलान्यास भी करेंगे। इनमें रामकृष्ण आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ तक सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर (Central Vista Corridor), एरोसिटी से इंदिरा गांधी एयरपोर्ट टर्मिनल-1 तक का कॉरिडोर और तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज तक का कॉरिडोर शामिल है। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद दिल्ली के प्रशासनिक, व्यावसायिक और आवासीय क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी और मजबूत होगी तथा एयरपोर्ट (Airport Connectivity) तक मेट्रो की सीधी और तेज पहुंच सुनिश्चित होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं का लाभ केवल दिल्ली तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि एनसीआर (NCR) के शहरों को भी इसका बड़ा फायदा मिलेगा। फरीदाबाद और बल्लभगढ़ के निवासी वायलेट लाइन के जरिए तुगलकाबाद पहुंचकर गोल्डन लाइन से सीधे इंदिरा गांधी एयरपोर्ट टर्मिनल-1 तक जा सकेंगे, वहीं नोएडा के यात्री मैजेंटा लाइन से कालिंदी कुंज पहुंचकर एयरपोर्ट और दक्षिण दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों तक आसानी से यात्रा कर पाएंगे।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि दिल्ली सरकार ने वर्ष 2025-26 के बजट में सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता देते हुए परिवहन विभाग (Transport Department) के बजट में ऐतिहासिक वृद्धि की है। इस वर्ष परिवहन विभाग के लिए 9,110 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जो पिछले वर्ष के 5,702 करोड़ रुपये की तुलना में लगभग 60 प्रतिशत अधिक है। वहीं दिल्ली मेट्रो परियोजनाओं को गति देने के लिए बजट में 2,929 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार और दिल्ली सरकार के साझा प्रयासों से राजधानी में आधुनिक, सुलभ और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन व्यवस्था विकसित की जा रही है। उनका कहना था कि मेट्रो नेटवर्क के विस्तार से दिल्ली को विश्वस्तरीय (World-class City) परिवहन प्रणाली मिलेगी और ‘विकसित भारत’ (Developed India Vision) के संकल्प को मजबूत आधार मिलेगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।