अर्जुन अवार्डी वंतिका अग्रवाल ने जिलाधिकारी से की मुलाकात, भविष्य की योजनाओं पर हुई चर्चा
टेन न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (22 जनवरी 2025): विश्व शतरंज ओलंपियाड गोल्ड मेडलिस्ट और एशियन सिल्वर मेडलिस्ट व अर्जुन अवार्ड से सम्मानित वंतिका अग्रवाल ने मंगलवार को जिलाधिकारी कार्यालय कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उप जिला क्रीड़ा अधिकारी अनीता नागर भी उपस्थित रहीं।
जिलाधिकारी ने वंतिका अग्रवाल से उनकी भविष्य की योजनाओं पर बातचीत की और उनके शानदार प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। वंतिका के प्रयास और उपलब्धियों की सराहना करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि उनकी सफलता युवाओं को प्रेरित करेगी और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करेगी।
नोएडा की निवासी वंतिका अग्रवाल ने अपने खेल जीवन की शुरुआत मात्र 9 वर्ष की उम्र में की। अपने भाई को शतरंज खेलते देख इस खेल की ओर आकर्षित हुईं वंतिका ने अपने शुरुआती दिनों में ही प्रदेश स्तर पर शतरंज चैंपियनशिप जीती। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर भी सफलता हासिल की।
वंतिका के नाम कई अंतरराष्ट्रीय खिताब हैं। वह तीन बार शतरंज ओलंपियाड में स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं, जिनमें 2024 में बुडापेस्ट में आयोजित 45वें शतरंज ओलंपियाड में जीते गए दो स्वर्ण पदक शामिल हैं। 2022 के एशियाई खेलों में, उन्होंने भारतीय टीम के साथ मिलकर रजत पदक जीता। वंतिका अग्रवाल को 2021 में महिला ग्रैंडमास्टर (WGM) का खिताब और इंटरनेशनल मास्टर का FIDE खिताब हासिल हुआ। इसके अलावा, वह राष्ट्रमंडल, विश्व युवा, एशियाई युवा और राष्ट्रीय चैंपियनशिप में भी कई पदक जीत चुकी हैं।
2016 में उन्होंने विश्व युवा शतरंज चैंपियनशिप के अंडर-14 बालिका वर्ग में कांस्य पदक जीता। 2020 में FIDE ऑनलाइन शतरंज ओलंपियाड में स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने भारत का नाम रोशन किया। 2021 में वंतिका ने भारतीय जूनियर गर्ल्स ऑनलाइन शतरंज चैंपियनशिप में रजत पदक और भारतीय जूनियर सीनियर महिला शतरंज चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वंतिका को उनकी उपलब्धियों के लिए 2014 में राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किया गया था। इसके साथ ही, उन्हें 2022 में राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
वंतिका अग्रवाल का संघर्ष और उनकी उपलब्धियां न केवल शतरंज के क्षेत्र में एक मिसाल हैं, बल्कि वह उन युवाओं के लिए प्रेरणा हैं, जो अपने क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने का सपना देखते हैं। उनका मानना है कि कड़ी मेहनत और सही दिशा में प्रयास से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। जिलाधिकारी से मुलाकात के दौरान वंतिका ने बताया कि उनका अगला लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक खिताब जीतकर भारत का गौरव बढ़ाना है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।