नोएडा में 24 से 26 जनवरी तक होगा भव्य “उत्तर प्रदेश दिवस” का आयोजन

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा (22 जनवरी, 2025): डीएम मनीष कुमार वर्मा के नेतृत्व में गौतमबुद्ध नगर में 24 से 26 जनवरी 2025 तक “उत्तर प्रदेश दिवस” का आयोजन किया जाएगा। यह तीन दिवसीय कार्यक्रम नोएडा के शिल्प हाट में आयोजित होगा, जिसमें विकास और विरासत को “प्रगति पथ पर उत्तर प्रदेश” थीम के तहत प्रदर्शित किया जाएगा।

इस आयोजन को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक संपन्न हुई। डीएम मनीष कुमार वर्मा ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि वे युद्ध स्तर पर तैयारियां पूरी करें।

कार्यक्रम में प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। इसके साथ ही निवेश, रोजगार, डिजिटल उत्तर प्रदेश, साइबर सुरक्षा, मिशन शक्ति और प्राकृतिक खेती जैसे विषयों पर आधारित संगोष्ठियां और उद्यमी सम्मेलन होंगे।

खाद्य विभाग, कृषि विभाग, खेल विभाग, उद्योग विभाग, खादी एवं ग्रामोद्योग, नगरीय विकास विभाग समेत अन्य विभागों द्वारा अपने उत्पादों और योजनाओं की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। खासतौर पर मिलेट्स (मोटे अनाज) से बने खाद्य उत्पादों और नवीन कृषि तकनीकों का प्रदर्शन किया जाएगा।

डीएम ने सभी विभागों से सफल लाभार्थियों और विशिष्ट प्रतिभाओं की कहानियों को फोटो, फिल्म और ब्रोशर के माध्यम से प्रस्तुत करने को कहा। इसके अलावा जनपद की विशेष प्रतिभाओं को चिन्हित कर सम्मानित किया जाएगा।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विद्यानाथ शुक्ल, एसीईओ नोएडा सतीश पाल और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी।

 


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।