गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में ‘बोधि विपस्सना वेलनेस कोर्स’ की शुरुआत

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (07/03/2026): गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में मानसिक शांति और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘बोधि विपस्सना वेलनेस कोर्स’ की शुरुआत की गई। विश्वविद्यालय परिसर स्थित महात्मा जोतिबा फूले ध्यान केंद्र में शनिवार को आयोजित कार्यक्रम के साथ इस द्विदिवसीय कोर्स का शुभारंभ हुआ। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 7 से 8 मार्च 2026 तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें प्रतिभागियों को ध्यान और आत्म-अनुशीलन के माध्यम से तनावमुक्त और संतुलित जीवन जीने के तरीकों से परिचित कराया जा रहा है।

उद्घाटन सत्र के दौरान बौद्ध अध्ययन एवं सभ्यता संकाय के डीन प्रो. राजीव वार्ष्णेय ने कहा कि विपस्सना ध्यान व्यक्ति के भीतर भावनात्मक समझ और आत्म-जागरूकता विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने बताया कि नियमित रूप से ध्यान का अभ्यास करने से मानसिक तनाव कम होता है और व्यक्ति को आंतरिक शांति एवं संतोष की अनुभूति होती है। उन्होंने छात्रों और प्रतिभागियों को इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की सलाह दी।

कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. मनीष मेश्राम ने अपने संबोधन में कोर्स की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि दो दिनों तक चलने वाले इस प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को विपस्सना ध्यान की मूल अवधारणाओं, अभ्यास पद्धति और इसके लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी।

कोर्स के सह-समन्वयक डॉ. ज्ञानादित्य शाक्य ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विपस्सना परंपरा से जुड़े साहित्य को समझने में पालि भाषा और साहित्य की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने जानकारी दी कि महात्मा जोतिबा फूले ध्यान केंद्र द्वारा जल्द ही ‘विपस्सना मेडिटेशन एवं पालि भाषा’ विषय पर एक नया कोर्स भी शुरू करने की योजना है, जिससे विद्यार्थियों और शोधार्थियों को अध्ययन में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान बौद्ध अध्ययन एवं सभ्यता संकाय के विभागाध्यक्ष डॉ. चिंताला वेंकटा सिवासाई ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय का महात्मा जोतिबा फूले ध्यान केंद्र विपस्सना साधना के प्रसार और आध्यात्मिक अध्ययन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

इस अवसर पर कार्यक्रम की शुरुआत बुद्ध प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और पुष्प अर्पित कर की गई। अतिथियों को पारंपरिक खतक भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके बाद संकाय के छात्र-छात्राओं ने बुद्ध वंदना और मंगलपाठ प्रस्तुत किया, जिससे पूरे कार्यक्रम का वातावरण आध्यात्मिक और शांतिपूर्ण हो गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के शिक्षक, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में प्रतिभागी उपस्थित रहे। इस दौरान डॉ. विक्रांत नैन, सचिन, रेखा, विकास, किशारी लाल और धर्म सिंह सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी भाग लेकर आयोजन की सराहना की।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।