LPG सिलेंडर महंगा: 7 मार्च से बढ़ी कीमतें, जानें आपके शहर का नया रेट

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (07 March 2026): देशभर में घरेलू रसोई गैस (LPG) की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी गई है। 7 मार्च 2026 से 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की बढ़ोतरी लागू हो गई है। इस बढ़ोतरी के बाद आम उपभोक्ताओं की रसोई का बजट और बढ़ गया है। नई दरों के मुताबिक राजधानी दिल्ली में घरेलू सिलेंडर की कीमत 853 रुपये से बढ़कर 913 रुपये हो गई है। तेल कंपनियों की ओर से जारी नए रेट शनिवार से पूरे देश में लागू कर दिए गए हैं।

देश के अन्य बड़े शहरों में भी एलपीजी सिलेंडर महंगा हो गया है। मुंबई में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 852.50 रुपये से बढ़कर 912.50 रुपये हो गई है। वहीं कोलकाता में यह 879 रुपये से बढ़कर 930 रुपये और चेन्नई में 868.50 रुपये से बढ़कर 928.50 रुपये हो गई है। नई कीमतों का असर सीधे आम लोगों की जेब पर पड़ेगा, क्योंकि एलपीजी गैस रोजमर्रा की जरूरतों में सबसे अहम ईंधन मानी जाती है।

घरेलू सिलेंडर के साथ-साथ कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर भी महंगा कर दिया गया है। 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 115 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। दिल्ली में इसका दाम 1768.50 रुपये से बढ़कर 1883 रुपये हो गया है। वहीं मुंबई में कीमत 1720.50 रुपये से बढ़कर 1835 रुपये, कोलकाता में 1875.50 रुपये से बढ़कर 1990 रुपये और चेन्नई में 1929 रुपये से बढ़कर 2043.50 रुपये हो गई है।

कमर्शियल सिलेंडर की कीमत बढ़ने से होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और छोटे व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर सीधा असर पड़ने की संभावना है। गैस महंगी होने से इन कारोबारों की लागत बढ़ सकती है, जिसका असर खाने-पीने की चीजों के दाम पर भी पड़ सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि कीमतें इसी तरह बढ़ती रहीं तो छोटे व्यवसायों को अतिरिक्त आर्थिक दबाव झेलना पड़ सकता है।

गौरतलब है कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतें अप्रैल 2025 से स्थिर थीं, जब दिल्ली में बिना सब्सिडी वाले सिलेंडर का रेट 853 रुपये था। अब लगभग एक साल बाद इसमें 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। हालांकि केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने पहले कहा था कि देश में ऊर्जा की कोई कमी नहीं है और एलपीजी सहित सभी ईंधनों की आपूर्ति सामान्य बनी हुई है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।