Noida News (06/03/2026): नोएडा के सेक्टर-75 स्थित एक रिहायशी सोसाइटी में युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में प्रेमिका समेत उसके दो भाइयों को पुलिस ने दबोच लिया, जबकि घटना में शामिल एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध पिस्टल, कारतूस और बिना नंबर की कार बरामद की है।
पुलिस के अनुसार थाना सेक्टर-113 में पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने लब्बू उर्फ लोकेन्द्र सोलंकी, निखिल सोलंकी और प्रिया सिंह पुत्री सुभाष सोलंकी को पर्थला डूब क्षेत्र स्थित कब्रिस्तान सर्विस रोड से गिरफ्तार किया। वहीं वारदात में शामिल 16 वर्षीय बाल अपचारी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की फ्रॉन्क्स कार, .32 बोर की पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पूछताछ में सामने आया कि इसी हथियार से सेक्टर-75 की आईवीवाई काउंटी सोसाइटी के मार्केट क्षेत्र में प्रॉपर्टी डीलर साहिल सिंघल की गोली मारकर हत्या की गई थी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से कार लेकर फरार हो गए थे।
पुलिस जांच में सामने आया कि सेक्टर-75 की आईवीवाई काउंटी सोसाइटी में रहने वाले साहिल सिंघल एक प्रॉपर्टी डीलर थे और अपने माता-पिता, पत्नी और दो बच्चों के साथ रहते थे। करीब चार वर्ष पहले उनकी मुलाकात गाजियाबाद के विष्णु एन्क्लेव में रहने वाली प्रिया सोलंकी से हुई थी। उस समय प्रिया नोएडा की एक निजी कंपनी में कार्यरत थी।
धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और यह रिश्ता प्रेम संबंध में बदल गया। बताया जा रहा है कि कुछ समय बाद प्रिया ने साहिल पर शादी करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। हालांकि साहिल पहले से विवाहित होने के कारण इस रिश्ते से दूरी बनाने लगे, जिससे दोनों के बीच तनाव बढ़ता चला गया।
पुलिस के मुताबिक बुधवार दोपहर प्रिया अपने भाई निखिल सोलंकी, लोकेन्द्र उर्फ लब्बू सोलंकी और पड़ोसी लक्की के साथ कार से आईवीवाई काउंटी सोसाइटी पहुंची। बताया जा रहा है कि वे लोग होली की मुलाकात का बहाना बनाकर आए थे। साहिल ने उन्हें सोसाइटी में प्रवेश दिला दिया, जिसके बाद चारों सीधे उनके फ्लैट की ओर पहुंचे।
फ्लैट पर पहुंचने पर आरोपियों की मुलाकात साहिल की मां सीमा सिंघल से हुई। वहां उन्हें पता चला कि साहिल अपनी पत्नी के साथ नीचे भूतल पर होली खेल रहे हैं। इसके बाद सभी आरोपी सीधे वहीं पहुंच गए। नीचे पहुंचने के बाद प्रिया ने एक बार फिर साहिल के सामने शादी का प्रस्ताव रखा, लेकिन साहिल ने साफ तौर पर मना कर दिया। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि प्रिया के भाई निखिल सोलंकी ने अवैध पिस्टल निकालकर साहिल पर गोली चला दी।
गोली लगने से साहिल गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस पूरी घटना के दौरान साहिल की पत्नी भी मौके पर मौजूद थीं, जिससे सोसाइटी में अफरा-तफरी मच गई।
वारदात के बाद पुलिस ने सोसाइटी और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। इसके बाद पुलिस ने सभी मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। आरोपी पड़ोसी लक्की की तलाश के लिए भी टीमें लगाई गई हैं। पुलिस ने बताया कि हत्या की इस घटना के पीछे मुख्य कारण प्रेम संबंध और शादी को लेकर उत्पन्न विवाद बताया जा रहा है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।